अब ऑनलाइन जारी होंगे मीट परीक्षण प्रमाण पत्र
मेरठ। निर्यात के लिए मीट परीक्षण की रिपोर्ट का प्रमाण पत्र अब मैनुअल नहीं बल्कि ऑनलाइन जारी होगा। प्रमाण पत्र जारी करने में लगातार मिल रही शिकायतों और धांधली के आरोपों पर प्रदेश शासन ने यह निर्णय लिया है। इस मामले में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने भी एपिडा से पंजीकृत तीनों मीट फैक्ट्रियों में तैनात पशु चिकित्सकों को पत्र जारी किया है।
मेरठ में एग्रीकल्चरल एंड प्रोसेसड फूड प्रोडेक्ट्स एक्सपोर्ट डेवलपमेंट अथारिटी (एपिडा) द्वारा पंजीकृत तीन मीट फैक्ट्रियां हैं। इनमें तान्या मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड हापुड़ रोड, अल फहीम मीटैक्स प्राइवेट लिमिटेड हापुड़ रोड, अल साकिब एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड हापुड़ रोड हैं। इन तीनों ही मीट फैक्ट्रियों से मांस विदेशों को निर्यात किया जाता है। निर्यात के लिए जाने वाले मांस को लेकर एपिडा द्वारा गाइड लाइन जारी की हुई है। जिसके तहत एक सरकारी पशु चिकित्सक मीट फैक्ट्री पर तैनात होता है। जो पशु का एंटी मार्टम और पोस्टमार्टम कर उसकी रिपोर्ट तैयार करता है। इसके बाद पशु के मांस का सैंपल लेकर उसे जांच के लिए दिल्ली भेजा जाता है। इस मांस की रिपोर्ट आने के बाद ही मांस को निर्यात के लिए भेजा जाता है।
ये थी शिकायतें
इस पूरी प्रक्रिया में तमाम रिपोर्ट मैनुअल तैयार होती है। जिसमें लगातार शिकायत मिल रही थी कि रिपोर्ट और सैंपल को खुद मीट फैक्ट्री संचालक ही अपने माध्यम से लैब और एपिडा को भिजवाते हैं। जिसके चलते साठगांठ के खेल में पशु कटान और कौन से पशु का मांस निर्यात हो रहा है, इसमें खेल होता है। इन तमाम शिकायतों के बाद शासन ने अब ऑनलाइन प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिये हैं। इसके तहत प्रतिदिन मीट फैक्ट्री पर तैनात पशु चिकित्सक जारी होने वाली रिपोर्ट को मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को भी उपलब्ध कराएंगे।
ऑनलाइन से नहीं रुकेगी गड़बड़ी
गो रक्षा आयोग के सदस्य डॉ. संदीप पहल एडवोकेट ने इस ऑनलाइन प्रक्रिया पर भी सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि जब ऑफिस में बैठकर ही चिकित्सक एंटी मार्टम और पोस्ट मार्टम रिपोर्ट तैयार करेगा। मांस का नमूना स्वयं मीट फैक्ट्री वाला लेकर जाएगा तो प्रमाण पत्र ऑनलाइन हो या मैनुअल गड़बड़ी नहीं रोकी जा सकती है। इसके लिए एपिडा और शासन को पारदर्शी नीति बनानी पड़ेगी और एक प्रशासनिक अधिकारी की नियुक्ति मॉनिटरिंग के लिए करानी होगी।
खास बातें:
एपिडा से पंजीकृत जनपद की तीन मीट निर्यात फैक्ट्रियों के लिए जारी हुई गाइड लाइन
शिकायतों पर शासन ने जारी किया निर्देश, अब चिकित्सक ऑनलाइन जारी करेंगे प्रमाण पत्र