अमर उजाला ब्यूरो
कंकरखेड़ा।
छात्रा के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर मनचलों ने उसके भाई को घर में घुसकर लाठी-डंडों से जमकर पीटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जानकारी ली। पीड़ित ने तहरीर दी है।
थाना क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी 13 वर्षीय किशोरी कक्षा नौ में पढ़ती है। छात्रा ने बताया कि पिछले कई दिन से स्कूल और ट्यूशन जाते वक्त बाइक सवार दो युवक उसके साथ छेड़छाड़ कर रहे थे। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हैं। मनचलों से परेशान होकर छात्रा ने स्कूल और ट्यूशन जाना बंद कर दिया। इस पर परिजनों ने छात्रा से इसका कारण पूछा तो उसने सारी बात बताई। इसके बाद छात्रा का भाई आरोपियों के घर पहुंचा और छेड़छाड़ का विरोध जताया। कुछ देर बाद दोनों मनचले लाठी-डंडे लेकर अपने साथियों के साथ छात्रा के घर पहुंचे और उसके भाई को जमकर पीटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भिजवाया। एसएसआई विनोद कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर आरोपी रोहित निवासी कासमपुर और दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी घर से फरार हैं।
खास बात
मनचलों से परेशान होकर छात्रा ने छोड़ा स्कूल जाना, भाई पहुंचा था आरोपियों के घर