ऑनलाइन पढ़ाई में आंखें बचाएगा 20-20 फॉर्मूला
मेरठ। स्कूल ऑनलाइन क्लासेस ले रहे हैं। कर्मचारी वर्क फ्रॉम होम कर रहे हैं। इससे बच्चों एवं बड़ों का अधिकतर समय मोबाइल, लैपटॉप एवं डेस्कटॉप पर बीत रहा है। छोटी क्लासेज से लेकर 12वीं तक के छात्र 5 से 6 घंटे मोबाइल पर बिता रहे हैं। इसकी वजह से आंखें प्रभावित होने का खतरा बढ़ा है। नेत्र रोग विशेषज्ञों के अनुसार लगातार गैजेट का इस्तेमाल करते वक्त 20-20 फार्मूला अपनाएंगे तो आंखों को स्वस्थ रखने में मदद मिलेगी।
फॉर्मूला इस तरह करेगा काम
20-20 फार्मूला आंखों की सुरक्षा का सबसे कारगर उपाय है। डेस्कटॉप, लैपटॉप, मोबाइल पर काम करते समय हर 20 मिनट बाद 20 सेकेंड का ब्रेक लें। 20 सेकेंड में 20 फीट दूर तक देखें। इससे आंखों पर दबाव कम होगा। 20 सेकेंड तक आंखें बंद रखें। ठंडे पानी से आंखें धो सकते हैं। इससे आंखों में सूखापन नहीं आएगा। पुतलियों को चारों ओर घुमाएं।
30 सेंटीमीटर की दूरी जरूरी
मोबाइल, डेस्कटॉप एवं लैपटॉप इस्तेमाल करते समय ब्लूरेज एंटी ग्लेयर और एंटी रिफ्लेक्टिव लेंस का प्रयोग करें। गैजेट स्क्रीन से आंखों की दूरी कम से कम 30 सेंटीमीटर रखें। एक मिनट में 15 बार पलक झपकाएं। स्क्रीन पर ज्यादा देर तक देखने से आंखें सूखती हैं। पलक झपकने से यह सूखापन कम होता है। लुब्रिकेशन आई ड्राप डालें। स्क्रीन की चमक कमरे की रोशनी से कम रखें। मोबाइल स्क्रीन को हमेशा अपनी नजरों से नीचे रखें। इससे आंखें पलकों से कवर हो जाती हैं और जोर नहीं पड़ता है।
आंखें बचाने के लिए अपनाएं ये उपाय
बच्चे या बड़े सभी गैजेट पर काम करते हैं तो सोते वक्त गर्म पानी में कपड़ा भिगोकर आंखों की सिकाई करें। इससे सूखापन कम होगा। लुब्रिकेशन ड्रॉप डालें। दोनों हथेलियों को आपस में रगड़कर गर्म करें और हल्के से आंखों पर रखें। लगातार स्क्रीन पर देखने के बाद कुछ देर आंख बंद करें आराम मिलेगा। आंखों की बर्फ के टुकड़ों से भी सिकाई कर सकते हैं। टॉवेल या रुमाल को पानी में भिगोकर अपने पास रखें। हर 10 से 12 मिनट पर इसे आंखों पर एक मिनट के लिए लगाकर रखें। आंखों में गुलाबजल डालें आराम मिलेगा।
तनाव एवं सिरदर्द परेशानी की निशानी
पानी आना, खुजली, लालिमा, सिरदर्द, तनाव आंखें खराब होने की निशानी हैं। लंबे समय तक स्क्रीन देखने से धुंधला दिखाई देना, नजर कमजोर होना, आंखों में जलन होना, लालिमा आना, पानी आना, खुजली, सूजन, सिरदर्द, थकान, तनाव होना आदि परेशानियां हो सकती हैं। इससे बचने के लिए डाइट में आंवला, गाजर, सूखे मेवे, मौसमी फल, सलाद, विटामिन ई युक्त खाद्य पदार्थ, बादाम, अखरोट खाएं।
हर 20 मिनट पर दें आराम
मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्राचार्य एवं वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप मित्तल का कहना है कि स्कूलों में लेक्चर की अवधि 25 मिनट से अधिक नहीं होनी चाहिए। वर्क फ्रॉम होम भी है तो हर 30 मिनट पर आंखों को आराम दें। लेक्चर के बाद 10 मिनट का गैप अवश्य रखें। इस दौरान आंखें बंद करके कुछ देर आराम करें। लंबे समय तक स्क्रीन पर देखने से विजन सिंड्रोम होने की आशंका रहती है।