अनुदान पर कृषि यंत्र लेने को तैयार नहीं किसान
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। किसान समूहों को खेती में उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार की अनुदान की योजनाएं जिले में दम तोड़ रही हैं। 12 लाख तक के यंत्र खरीदने की कस्टम हायरिंग सेंटर योजना में दो बार 10-10 पात्रों का चयन हुआ, लेकिन कोई भी पात्र योजना का लाभ लेने नहीं आया। फार्म मशीनरी बैंक योजना में भी अब तक किसी भी समूह का चयन नहीं हो सका।
प्रदेश सरकार ने कृषि में तकनीक को बढ़ावा देने के लिए कृषि यंत्रों पर अनुदान की योजना चलाई हुई है। इस समय सबसे बड़ी योजना कस्टम हायरिंग सेंटर के नाम से है। इस योजना में किसान समूह और व्यक्तिगत आधार पर किसान को खेती के लिए 12 लाख तक के यंत्र दिए जा रहे हैं। इसमें शर्त यह है कि 35 प्रतिशत पैसे से कुछ ऐसे यंत्र हैं, जिन्हें लेना जरूरी है। इनमें रोटा वेटर, हैप्पी सीडर, रिवर्सबेल मैकेनिकल प्लाऊ, सीड ड्रिल, सुपर स्ट्रा, पैडी स्ट्रा, श्रेडर, कटर कम स्प्रेडर में से लेना जरूरी है। इस 35 प्रतिशत में 90 प्रतिशत छूट मिलेगी। इसके अलावा 65 प्रतिशत पैसे से ट्रैक्टर से साथ मनमर्जी के यंत्र खरीदे जा सकते हैं। इस 65 प्रतिशत पैसे में केवल 40 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। जिले 13 का लक्ष्य था, दो बार 10-10 लोगों की सूची तैयार कर उनका चयन किया गया, लेकिन लाभ लेने कोई आगे नहीं आया।
योजना में 90 प्रतिशत लोन और दस प्रतिशत स्वयं का खर्च देना होता है। 12 लाख पर दो लाख 16 हजार जीएसटी बैठती है, जो किसान को देनी है। किसान हिसाब जोड़कर देखता है तो छूट 50 प्रतिशत भी नहीं बैठ रही है, ऐसे में वह पीछे हट जाता है।
अमर उजाला ने किया था खेल का भंडाफोड़
चर्चित फार्म मशीनरी बैंक योजना भी इस बार फेल हो गई है। अमर उजाला ने इस योजना में करोड़पति किसानों को अनुदान दिए जाने का भंडाफोड़ किया था, इसके बाद सरकार ने इस योजना में दो शर्त रख दी है। लाभ कृषक उत्पादक समूह और राष्ट्रीय आजीविका मिशन से जुडे़ समूह को ही दिया जाएगा। दस लाख में नौ लाख की छूट की इस योजना में भी है, लेकिन अभी तक एक भी पात्र नहीं मिला है। सरकार ने पांच समूहों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा है।
दो बार सूची हो चुकी है निरस्त
मुजफ्फरनगर। उप निदेशक कृषि नरेंद्र सिंह का कहना है कि कस्टम हायरिंग सेंटर योजना में चयनित किसानों की सूची दो बार बन चुकी है। पूरी योजना को समझने के बाद किसान पीछे हट जाता है। दोनो बार ही सूची को निरस्त करना पड़ा। इस योजना में शायद ही कोई पात्र मिल पाए। फार्म मशीनरी बैंक योजना के पात्रों से आवेदन मांगा गया है। अभी तक कोई समूह योजना का लाभ लेने के लिए सामने नहीं आया है।
तीन यंत्रों की योजना में लगी भीड़
मुजफ्फरनगर। सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक सप्ताह पूर्व तीन यंत्रों पर 80 प्रतिशत की छूट किसान को देने की घोषणा के बाद किसानों का जमावड़ा उपनिदेशक कार्यालय पर लगा है। अभी तक 250 किसान आवेदन कर चुके हैं। एक या दो यंत्र लेने वाले किसानों को 50 प्रतिशत और तीन कृषि यंत्र खरीदने वाले किसानों को 80 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।