मेरठ। छात्रसंघ चुनाव में डीएन और एनएएस डिग्री कॉलेज के छात्र नेताओं ने चुनाव प्रचार में ताकत झोंक दी है। बुधवार को कॉलेज परिसर ही नहीं बल्कि शहर और गांवों तक प्रचार किया गया। जहां एबीवीपी के पैनल ने गठबंधन को चुनाव में मात देने की भूमि तैयार की, वहीं गठबंधन ने चौ. चरण सिंह विवि और मेरठ कॉलेज की तर्ज पर एबीवीपी को पछाड़ने की तैयारी कर ली है।
शुक्रवार को एनएएस और डीएन डिग्री कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव है। डीएन कॉलेज में जहां रालोद, एनएयूवाई और सपा ने एबीवीपी को मात देने के लिए मजबूत गठबंधन किया है। हालांकि एबीवीपी पैनल ने मेरठ कॉलेज और चौ. चरण विवि कैंपस चुनाव में अध्यक्ष पद पर हार से सबक लेकर डीएन और एनएएस कॉलेज में जीत हासिल करने के लिए प्रचार में जान फूंकी। उधर, एनएएस कॉलेज में रालोद और एनएसयूवाई ने गठबंधन का पैनल चुनाव मैदान में उतारा हुआ है। बुधवार को दोनों ही पैनलों के प्रत्याशियों ने शहर से लेकर गांवों तक चुनाव प्रचार किया। छात्र संघ के चुनाव में जीत हासिल करने के लिए सभी प्रत्याशी हर हथकंडे अपना रहे हैं। दोनों ही पैनल अपनी-अपनी जीत के दावे ठोक रहे हैं।