मां वैष्णो देवी दरबार में हाजिरी के लिए वेटिंग
मेरठ। माता वैष्णो देवी के दरबार में हाजिरी लगाने के लिए भक्तों का रैला चल निकला है। यूपी बोर्ड और सीबीएसई समेत अन्य बोर्ड की परीक्षाएं समाप्त होने के बाद भक्त मां के दर पर जाने के लिए बेताब है। हालांकि, रेलवे ने इसको देखते हुए कोई खास व्यवस्था नहीं की। मेरठ से जम्मू के लिए शालीमार एक्सप्रेस और कटरा तक एसी स्पेशल ट्रेन को चलाया जा रहा है। इसके बाद भी भक्तों को वैष्णो देवी जाने के लिए मशक्कत करनी पड़ेगी। दिल्ली से जाने वाली ट्रेनों में भी लंबी वेटिंग है।
छह अप्रैल से नवरात्र का आगाज हो जाएगा। इन दिनों में माता के दरबार में हाजिरी लगाने का विशेष महत्व है, लेकिन ट्रेनों में वेटिंग होने से भक्तों का प्लान बिगड़ सकता है। जिससे भक्तों को अपने साधनों से ही माता वैष्णों देवी के दरबार में जाना पड़ सकता है।
शालीमार में 100 के पार वेटिंग
मेरठ से गुजरने वाली शालीमार एक्सप्रेस मेें वेटिंग 100 के पार पहुंच गई है। चार से लेकर 14 अप्रैल तक ट्रेन में वेटिंग है। इसके अलावा श्री शक्ति एक्सप्रेस में भी वेेटिंग 100 के पार है। जम्मू मेल, उत्तर क्रांति, झेलम एक्सप्रेस, अंडमान एक्सप्रेस, मालवा एक्सप्रेस, नवयुग एक्सप्रेस आदि ट्रेनों में भी 50 से लेकर 100 के पार वेटिंग पहुंच गई हैं।
समर स्पेशल 28 जून तक चलेगी लेकिन यह एसी है
रेलवे हर साल इन दिनों समर स्पेशल ट्रेनों की घोषणा करता है। इसमें आनंद विहार से चलकर वाया मेरठ, सीधे माता वैष्णो दरबार कटरा तक जाने वाली एसी स्पेशल है। हालांकि, इस ट्रेन में पहले सामान्य श्रेणी के कोच भी लगाए जाते थे लेकिन एसी स्पेशल होने के बाद यात्रियों को इसका लाभ कम ही मिल रहा है। इस ट्रेन को अब 28 जून तक चलाने का फैसला लिया गया है। पहले इस ट्रेन को 31 मार्च तक चलाने की घोषणा की गई थी। यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन सोमवार और बृहस्पतिवार को चलती है। वहीं, कटरा से यह मंगलवार और श्ुाक्रवार को चलती है। ट्रेन का नंबर 04401 /04402 है।
हमसफर में मिल सकता है मौका
हालांकि हाल में शुरू की गई साप्ताहिक ट्रेन हमसफर एक्सप्रेस में इस दौरान टिकट उपलब्ध है। सप्ताह में एक दिन बृहस्पविार को दिल्ली सफदरगंज से चलने वाली हमसफर में थर्ड एसी का टिकट 940 रुपये में है। इसमें फिलहाल टिकट बुक कराए जा सकते हैं।
हमारे यहां से दो ट्रेनें ही गुजरती है। शालीमार और एसी स्पेशल में दिल्ली से ही काफी टिकट बुक हो जाते हैं। नवरात्रों और छुट्टियों में वैष्णों देवी जाने वाले यात्रियों की संख्या में बढ़ोत्तरी होने से यह स्थिति आती है। - आरपी शर्मा, सिटी स्टेशन अधीक्षक