सीसीएसयू कैंपस में छात्रसंघ चुनाव स्थगित
मेरठ। सीसीएसयू ने दीक्षांत समारोह होते ही शुक्रवार शाम को कैंपस में छात्रसंघ चुनाव स्थगित कर दिए हैं। चुनाव की तिथि तीन दिसंबर तय की गई थी। जब तिथि तय हुई थी तो तब निकाय चुनाव की घोषणा नहीं हुई थी।
विवि ने तीन दिसंबर को कैंपस में छात्रसंघ चुनाव की तिथि तय की थी। मतदान से पांच कार्य दिवस पहले नामांकन कराने की घोषणा की थी। इसके बाद निकाय चुनाव की घोषणा हो गई। विवि के पास शासनादेश आ गया कि छात्रसंघ चुनाव में अशांति हो सकती है। पुलिस और प्रशासन चुनाव में लगे हैं। इस संदर्भ में विवि ने कॉलेजों के लिए पहले ही चुनाव स्थगित रखने का आदेश जारी कर दिया था। शुक्रवार शाम को विवि कैंपस के चुनाव स्थगित करने का आदेश जारी किया गया। दीक्षांत समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत में छात्रसंघ चुनाव को लेकर कुलाधिपति राम नाईक ने कहा था कि कुछ विश्वविद्यालयों में चुनाव हो चुके हैं और कुछ जगह प्रक्रिया में हैं। सीसीएसयू में चुनाव होने की उन्होंने संभावना जताई थी। दिसंबर के पहले सप्ताह में चुनाव पर अंतिम निर्णय होने की उम्मीद है।
शनिवार को बंद रहेगा विवि
दीक्षांत समारोह की वजह से सीसीएसयू ने शनिवार की छुट्टी घोषित की है। अब विवि सोमवार को खुलेगा। निकाय चुनाव की वजह से पोलिंग बूथ बनने और मतदान की वजह से 21 और 22 नवंबर की भी छुट्टी रहेगी।
खास बात
तीन दिसंबर तय की थी तिथि, दिसंबर के पहले सप्ताह में निर्णय होने की उम्मीद