मोदीपुरम। पिछले कुछ दिनों से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। शुक्रवार को सुबह से ही आसमान पर बादल छाए रहे और ठंडी हवा चलती रही। मौसम कार्यालय पर अधिकतम तापमान 25.0 और न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम आर्द्रता 87 और न्यूनतम 48 प्रतिशत दर्ज की गई। एक दिन पहले की अपेक्षा दिन के तापमान में 1 डिग्री की गिरावट आई है। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि मौसम में बदलाव जारी है। आसमान पर बादल छाए रहेंगे और हवा के कारण तापमान में भी गिरावट जारी रहेगी। शुक्रवार को हवा की गति 2 से 4 किमी प्रति घंटा रही। दिन में चलने वाली उत्तर पश्चिम हवाएं सर्दी का अहसास कराएंगी।