मामला मेरठ शहर का है। यहां एक फौजी की स्कूटी मथुरा में है और ट्रैफिक पुलिस ने स्कूटी का ई-चालान मेरठ में काट दिया। इस फौजी के मथुरा स्थित घर पर जब करीब चार माह बाद ई-चालान पहुंचा तो इसका पता चला। शनिवार को फौजी ने एसपी ट्रैफिक मेरठ से मिलकर शिकायत की। एसपी ट्रैफिक ने संबंधित एचसीपी से रिपोर्ट मांगी है।
मूलरूप से मोहल्ला भटीपुरा गढ़ रोड मेरठ निवासी नीटू सिंह काजला सेना में सिपाही हैं। उनका परिवार मथुरा में रह रहा है, जबकि नीटू सिंह वर्तमान में दिल्ली में सेना के एक उच्चाधिकारी के साथ तैनात हैं। नीटू सिंह का कहना है कि उनके मथुरा स्थित घर पर जो ई-चालान पहुंचा, उसमें उनकी स्कूटी का ई-चालान काटने की तिथि 21 फरवरी 2019 दर्ज है।
चालान में लिखा है कि मोबाइल पर बात करते समय ड्राइविंग की गई। चौराहे पर ट्रैफिक सिग्नल का भी नियम तोड़ा गया। लालकुर्ती में सेंट थॉमस स्कूल के पास ट्रैफिक पुलिस ने यह ई-चालान काटा। चालान का शमन शुल्क 200 रुपये लिखा गया है।