बंद हुआ पीवीएस मॉल का मैकडोनाल्ड्स
नोटिस चस्पा कर अस्थायी रूप से बंद होने की दी गई सूचना
मिलांज मॉल स्थित मैकडोनाल्ड्स को भी इसी तरह किया था बंद
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। अमेरिकन कंपनी मैकडोनाल्ड्स ने शास्त्रीनगर पीवीएस मॉल स्थित अपने आउटलेट को भी बंद कर दिया है। पिछले करीब 20 दिनों से यह आउटलेट बंद है। हालांकि, मैकडोनाल्ड्स से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि दोबारा से स्टोर शुरू किया जाएगा। लेकिन कब, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। दो साल पहले मोदीपुरम, मिलांज मॉल स्थित मैकडोनाल्ड्स को भी इसी तरह बंद किया गया था।
इन मैकडोनाल्ड्स आउटलेट को कनॉट प्लाजा रेस्टोरेंट्स कंपनी चला रही थी। सूत्रों के मुताबिक कुछ समय से इनके साथ विवाद चला आ रहा था। इसके चलते मैकडोनाल्ड्स ने अपने 100 से अधिक आउटलेट बंद कर दिए हैं। हालांकि, सूत्रों का यह भी कहना है कि अगले कुछ हफ्तों में यह शुरू हो सकते हैं। बता दें कि यहां हैमबर्गर, चीज बर्गर, चिकन, फ्रेंच फ्राइज, सॉफ्ट ड्रिंक्स, मिल्क शेक आदि मिलते हैं। मैकडोनाल्ड्स स्टोर को फ्रेंचाइजी द्वारा संचालित किया जाता है।
नोटिस लगाकर दी सूचना
मैकडोनाल्ड्स की तरफ से आउटलेट पर नोटिस चस्पा किया गया है। इसमें अस्थायी तौर पर आउटलेट को बंद करना बताया गया है। स्टोर पर मौजूद कंपनी के ऑपरेशन विभाग के प्रतिनिधियों का कहना है कि दोबारा स्टोर कब शुरू होगा, इसकी जानकारी वेबसाइट पर ही मिलेगी। वहीं, जब वेबसाइट देखी, तो पता चला कि मेरठ के इस स्टोर के बारे में अभी कोई अपडेट नहीं है। नोटिस पर वेबसाइट का नाम और हेल्पलाइन नंबर अपडेट किया गया है।