मवाना। दिन में गन्ने से लदे ट्रकों की एंट्री पर प्रतिबंध लगा देने से बुधवार को मिल अधिकारियों एवं ट्रांसपोर्टरों में हड़कंप मच गया। मिल अधिकारी व ट्रांसपोर्टर एसडीएम के कार्यालय पहुंचे और बैठक की। बैठक में वैकल्पिक मार्ग से ट्रकों को निकालने के आदेश दिए गए।
बताते चलें कि मवाना मिल का पेराई सत्र शुरू हो चुका है। क्रय केंद्रों से मिल तक गन्ना लाने के लिए ट्रकों का आवगमन नगर में आरंभ हो गया। जिस कारण नगर में जाम की समस्या उत्पन्न हो गई। इससे हर वक्त हादसा होने का डर बना हुआ था। इसको लेकर एसडीएम व सीओ ने मिल अधिकारियों और ट्रांसपोर्टरों के साथ मंगलवार को बैठक रखी थी। अधिकारी एवं ट्रांसपोर्टर बैठक में नहीं पहुंचे थे। इसके बाद सीओ ने पुलिस को आदेश दिया कि रात 8 बजे से पहले नगर में प्रवेश करने वाले गन्ने से लदे ट्रकों पर कार्रवाई की जाए।