मवाना। बकाया भुगतान को लेकर सोमवार को भाकियू कार्यकर्ताओं ने मिल गेट पर धरना दिया। कार्यकर्ताओं ने भुगतान नहीं होने तक धरना देने का ऐलान किया। कार्यकर्ताओं ने मिल की तालाबंदी कर धरनास्थल पर ही भट्ठी चढ़ाकर खाना बनाया।
भाकियू जिलाध्यक्ष नरेश चौधरी के नेतृत्व में सोमवार को कार्यकर्ताओं ने मिल गेट पर धरना दिया। धरना स्थल पर पहले से ही पुलिस प्रशासन पहुंच गया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर मिल गेट पर धरना दे दिया। जिलाध्यक्ष नरेश चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार ने 14 दिन में भुगतान का वादा कर रखा है, लेकिन इसके बावजूद किसानों का बकाया भुगतान नहीं हो पा रहा है। संजय दौरालिया ने कहा कि भुगतान नहीं होने के कारण किसान आर्थिक संकट से जूझ रहा है। किसानों के बच्चों के नाम स्कूल से काटे जा रहे है। इसके अतिरिक्त सरकार ने बिजली के दाम बढ़ाकर किसानों को दोहरी मार झेलने पर मजबूर कर दिया है। उन्होंने कहा कि जब तक शुगर मिल बकाया भुगतान नहीं करेंगी वह धरना स्थल पर डटे रहेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो आमरण अनशन शुरू किया जायेगा। देर शाम तहसीलदार अशोक कुमार गुप्ता, महाप्रबंधक प्रमोद बालियान, उप महाप्रबंधक अभिषेक व समिति के विशेष सचिव प्रदीप शर्मा भाकियू कार्यकर्ताओं के बीच वार्ता करने पहुंचे। इसके बाद प्रमोद बालियान ने 20 अगस्त तक 20 करोड़ व 31 अगस्त तक 10 करोड़ का भुगतान कराने का किसानों को आश्वासन दिया। किसानों ने आपस में वार्ता करने के बाद मंगलवार को निर्णय बताने की बात कही। जिस पर अधिकारी वापस लौट गए। महकार सिंह, जितेंद्र घोपला, डा. अभय, संजय, राज सिंह, महेंद्र सिंह, राहुल, सूरजपाल, राशिद आदि मौजूद रहे।
धरनास्थल पर ही चढ़ाई भट्ठी
मिल गेट पर धरना दे रहे किसानों के लिए खाने की व्यवस्था धरना स्थल पर ही की गई। किसानों ने स्वयं भट्ठी चढ़ाकर खिचड़ी बनाई। जिलाध्यक्ष नरेश चौधरी ने कहा कि भुगतान नहीं होने तक किसान मिल गेट पर ही डटे रहेंगे और भट्ठी पर ही किसानों का खाना बनवाया जाएगा।
रात्रि विश्राम के लिए मंगवाये गद्दे
वार्ता विफल होने के बाद किसानों ने रात्रि विश्राम के लिए मिल गेट पर गद्दे मंगवा लिये। इस दौरान किसानों ने दो ट्रॉली लगाकर मिल गेट का रास्ता बंद कर दिया और गद्दों पर आराम फरमाया। किसानों की सुरक्षा के लिए पुलिस बल मिल गेट के पास तैनात कर दिया है।
किसानों को 20 अगस्त तक 20 करोड़ व 31 अगस्त तक 10 करोड़ का भुगतान कराने का मिल प्रशासन ने आश्वासन दिया। किसानों ने अपना निर्णय नहीं बदला।-अशोक कुमार गुप्ता, तहसीलदार मवाना
मुख्य बातें
किसानों ने चेताया कि मांग पूरी नहीं होने तक जारी रहेगा आंदोलन