एसडीएम ने गेहूं क्रय केंद्रों एवं राशन एजेंसी का जायजा लिया
खरखौदा। एसडीएम ने जिलाधिकारी के निर्देशन पर क्षेत्र में खुले गेहूं क्रय केंद्र व सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान का बृहस्पतिवार को निरीक्षण किया। हालांकि एसडीएम को कोई गड़बड़ी नहीं मिली।
एसडीएम सदर कमलेश कुमार क्षेत्र के गेहूं क्रय केंद्रों का निरीक्षण करने पहुंचे। वह लोहियानगर सब्जी मंडी में खोले गए गेहूं क्रय केंद्र पर पहुंचे। वहां एसडीएम ने खरीदा गया अनाज एवं किसानों के खाते में भेजी गई राशि के बारे में जानकारी ली। इसके बाद एसडीएम खरखौदा स्थित पीसीएफ के गेहूं क्रय केंद्र पर पहुंचे। यहां केंद्र प्रभारी दिनेश गिरी मौके पर नहीं मिले। हालांकि यहां अन्य कर्मचारी एवं एडीओ को-आपरेटिव दिनेश त्यागी भी पहुंच गए। यहां एडीओ को-आपरेटिव ने केंद्र प्रभारी को मेरठ किसी कार्य से जाना बताया। यहां एसडीएम ने एक अप्रैल से चालू क्रय केंद्र पर खरीदे गेहूं की जानकारी ली। यहां बृहस्पतिवार को करीब 350 कुंतल गेहूं खरीदा गया। पिछले तीन दिन में गेहूं बेचने वाले किसानों से फोन पर वार्ता भी की। उन्होंने क्रय केंद्र पर बेचे गए गेहूं के बारे में जानकारी ली। हालांकि यहां पर सभी व्यवस्था ठीक मिली। जिसमें बाद में एसडीएम ने संतुष्टि जाहिर की। वहीं, बाद में एसडीएम ने कस्बा खरखौदा में चल रही सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान का भी निरीक्षण किया। जहां जल्द ही सरकार द्वारा सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों पर कार्ड धारकों को अंगूठे के निशान के मिलान के बाद ही राशन देना तय किया है। यहां राशन डीलर अंगूठे के निशान लेने के बाद ही राशन देता मिला। इस बाबत एसडीएम सदर कमलेश कुमार ने बताया कि गेहूं क्रय केंद्रों पर व्यवस्था दुरुस्त मिली। वहीं, किसानों का बकाया भी समय से ही दिया जा रहा है। सभी रिकार्ड पूर्ण मिला है।