स्थानीय निकाय चुनाव के प्रचार का शोर सोमवार शाम थम गया। इससे पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष एवं सभासदों प्रत्याशियों ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी। यहां पर तीन प्रत्याशियों ने रोड शो निकालकर मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए शक्ति प्रदर्शन किया।
चेयरमैन पद के बसपा प्रत्याशी अरुण कुमार के पक्ष में प्रभातनगर से विशाल रोड शो निकाला गया। इस दौरान कई स्थानों पर उन्हें कस्बावासियों ने फूलमालाओं से लाद दिया। कई मोहल्लों में उनका भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने गाड़ियों और टैक्टर-ट्रॉलियों के लम्बे काफिले के साथ वोट मांगे। वहीं, भाजपा के चेयरमैन पद के प्रत्याशी सोमनाथ पपनेजा के समर्थकों ने भी भीमनगर, मुख्य बाजार, सिविल लाइन, मनोहरपुर कालोनी, बी ब्लॉक, सी ब्लॉक समेत कस्बे में विशाल रैली निकाली। उन्होंने मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी की जीत होने पर नगर के विकास का आश्वासन दिया। उनकी रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे। वहीं, निर्दलीय प्रत्याशी सुशील नागर ने भी कस्बे में समर्थकों के साथ रैली निकालकर वोट मांगे। उन्होंने रविवार को कस्बे का विकास कराने का आश्वासन दिया। इसके अतिरिक्त चेयरमैन प्रत्याशी चमनलाल ने भी समर्थकों के साथ रैली निकाली एवं जनसंपर्क कर वोट मांगे। निर्दलीय प्रत्याशी चंपक साधू ने कार्यकर्ताओं के साथ घर-घर जाकर जनसंपर्क किया और अपने पक्ष में वोट मांगे। इसके अतिरिक्त सभासद प्रत्याशियों ने भी प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी।
मतदान की तैयारी जोरों पर
हस्तिनतापुर।
नगर पंचायत चुनाव के लिए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम शुरू किए हैं। मतदान के दौरान गड़बड़ी करने वालों से प्रशासन सख्ती से निपटेगा। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील बूथों पर सुरक्षा के कडे़ इंतजाम किए हैं। प्रथम चरण का मतदान बुधवार को होगा। इस दौरान सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। कस्बे में कृषि विज्ञान केंद्र, राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रामकृष्ण बंगला एकेडमी, जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, प्राथमिक विद्यालय मनोहरपुर कॉलोनी में बूथ बनाए गए हैं। इनकी तैयारियां तेजी से चल रही हैं। प्रत्येक केंद्रों पर सुरक्षा की दृष्टि से मतदान स्थल पर एक-एक दरोगा, आरक्षी, होमगार्ड की तैनाती रहेगी। इन सभी चुनाव स्थलाें पर तमाम तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। नगर पंचायत चुनाव को शांतिपूर्वक कराने के लिए उड़नदस्तेे, मजिस्ट्रेट, कैमरामैन एवं सुरक्षा बल कई दिन से कस्बे में भ्रमण कर रहे हैं। मजिस्ट्रेट विकास चौहान ने बताया कि चुनाव की तैयारी तेजी से चल रही हैं। बूथों पर वोट डालने के लिए नियमों का पालन किया जाएगा।
कबड्डी टूर्नामेंट में बहसूमा और रामराज टीम विजयी
हस्तिनापुर। ग्राम नंगली गजरौली में सोमवार को कबड्डी टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ ग्राम प्रधान पुत्र बबलू ने किया। प्रथम मैच बहसूमा एवं बस्तौरा नारंग के बीच हुआ। जिसमें बहसूमा टीम विजयी रही। द्वितीय मैच रामराज एवं मालीपुर की टीमों के बीच हुआ। इसमें रामराज की टीम विजयी रही। यहां चंद्रपाल चौहान, अमरीश चौहान, अमित चौहान, मोनू, पवन आदि का सहयोग रहा।