सरधना में कोरोना जांच के लिए सैंपल लेता स्वास्थ्यकर्मी।
- फोटो : SARDANA
मवाना/सरधना/रोहटा(मेरठ)। रोहटा ब्लॉक क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग द्वारा की गई सैंपलिंग के दौरान ब्लॉक के तीन गांवों में 12 लोग कोरोना संक्रमित मिले। इससे विभाग में हड़कंप मच गया। टीम ने उनके संपर्क में आने वालों को चिह्नित कर सेंपलिंग कराने की तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस ने तीनों गांवों को हॉटस्पॉट घोषित करते हुए बैरिकेडिंग कर दी। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सरधना में कोरोना की जांच के लिए सैंपल लिए। इसमें दो युवकों को कोरोना की पुष्टि हुई। दोनों को मेरठ स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। मवाना में भी एक युवक को कोरोना की पुष्टि हुई।
रोहटा के गांव पूठखास निवासी एक युवक मेडिकल कॉलेज में वार्ड ब्वॉय है। दो दिन पहले वह कोरोना संक्रमित मिला था। सीएचसी की टीम ने उसके संपर्क वाले को चिह्ति कर शुक्रवार को सैंपल लिए थे। इन सभी की जांच रिपोर्ट शनिवार शाम को आई तो उसमें आठ लोगों संक्रमित मिले। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमर सिंह ने बताया कि सभी को पांचली खुर्द स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा कल्याणपुर व बनवारीपुर में दो-दो अन्य पॉजिटिव पाए गए हैं। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि इन गांवों में सर्वे का काम शुरू कराया गया है। कैंप लगाकर अन्य लोगों की भी जांच की जाएगी। प्रभारी इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस-प्रशासन स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर तीनों को सील कर दिया है।
129 लोगों की जांच की
सरधना सीएचसी प्रभारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि हाल ही में पीरजादगान निवासी एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद परिवार के सदस्यों सहित 129 लोगों की जांच कराई गई। इसमें उक्त व्यक्ति के दोनों बेटों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई। दोनो कोरोना पॉजिटिव को मेरठ अस्पताल में भिजवा दिया गया हैं। वहीं सीएचसी पर 72 लोगों की जांच एंटीजन से की गई। 12 के सैंपल आरटीपीसीआर के लिए मेरठ भेजे थे। सीएचसी प्रभारी डॉ. सतीश भास्कर ने बताया कि 27 अगस्त को मेरठ भेजे सैंपल में मोहल्ला तिहाई निवासी एक युवक को कोरोना की पुष्टि हुई। संक्रमित मिले युवकों को मेरठ स्थित अस्पताल भेजा गया है।