फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आज है ईद: मेरठ में रहेगा रूट डायवर्जन, खबर पर एक बार नजर डाल लें, नहीं तो जाम में बुरे फंसेंगे

Mon, 31 Mar 2025 12:12 AM IST
मोहम्मद मुस्तकीम अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ

सार

मेरठ में 164 ईदगाह व 515 मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की जाएगी। सड़क पर 
नमाज अदा करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। वहीं शहर काजी ने भी ऐलान किया है कि मस्जिदों के अंदर ही नमाज पढ़ी जाए।  
विज्ञापन
त्योहार को देखते हुए शहर में रविवार को फ्लैग मार्च निकाला गया। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ईद उल फितर का पर्व सोमवार को मनाया जा रहा है। सुबह ईदगाह और अन्य मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की जाएगी। पुलिस सुरक्षा व यातायात व्यवस्था सुचारू रखने का खाका तैयार कर लिया है। नौ बिंदुओं में रूट डायवर्जन प्लान तैयार है। सुबह पांच बजे से दोपहर लगभग 12 बजे तक शहर के विभिन्न मार्गों पर हल्के और भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। संवेदनशील क्षेत्र, मिश्रित आबादी और मस्जिदों के आसपास सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल की तैनाती की गई है।
विज्ञापन

 

एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र कुमार मिश्रा के अनुसार दिल्ली व बागपत की तरफ से भैसाली बस अड्डे जाने वाली रोडवेज बसें परतापुर इंटरचेंज से सरधना फ्लाईओवर से मुड़कर कंकरखेड़ा रेलवे फ्लाईओवर होते हुए जीरो माइल चौराहे से बेगमपुल होते हुए जाएंगी। वापसी में दिल्ली गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर की ओर जाने वाली रोडवेज की बसें इसी मार्ग से जा सकेंगी। मुजफ्फरनगर से गढ़मुक्तेश्वर या मुरादाबाद जाने वाले वाहन जीरो माइल चौराहे से कमिश्नर आवास चौराहे, जेल चुंगी होते हुए यूनिवर्सिटी से गढ़ रोड से जा सकेंगे। हापुड़ जाने वाले वाहन यूनिवर्सिटी होते हुए तेजगढ़ी चौराहे से एल-ब्लॉक से हापड़ की ओर जाएंगे।
 

शारदा रोड से ब्रह्मपुरी की ओर नहीं जाएंगे वाहन
दिल्ली चुंगी शारदा रोड व ब्रह्मपुरी चौराहे से भूमिया पुल की तरफ किसी भी प्रकार के वाहन नहीं जाएंगे। हापुड़ स्टैंड से भूमिया का पुल (गोलाकुआं) की तरफ सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। हापुड़ रोड से आने वाले सभी वाहन एल-ब्लॉक शास्त्रीनगर से आगे हापुड़ स्टैंड की ओर नहीं जाएंगे। इसी प्रकार हापुड़ स्टैड से एल-ब्लॉक की ओर किसी भी वाहन को नहीं जाने दिया जाएगा। ऐसे वाहन एल-ब्लॉक चौकी से तेजगढ़ी चौराहे की ओर जा सकेंगे। बागपत स्टैंड (फुटबाल चौक) से ईदगाह, रेलवे रोड की ओर भारी वाहन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। जली कोठी, रेलवे रोड, ईदगाह की ओर से दिल्ली रोड पर भारी वाहन नहीं जाएंगे।
 

जली कोठी पर भी वाहनों के प्रवेश पर रोक
जली कोठी चौराहे पर बैरियर लगाकर केवल भारी वाहनों का प्रवेश बंद कराया जाएगा। गढ़ रोड से आने वाले वाहनों को गांधी आश्रम चौराहे से हापुड़ स्टैंड चौराहे की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। गांधी आश्रम चौराहे से वाहनों को हंस चौपला, सर्किट हाउस की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। ईव्ज चौराहे से हापुड़ अड्डा चौराहे की ओर सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। ईव्ज चौराहे से वाहनों को आंबेडकर चौराहा, सर्किट हाउस की ओर डायवर्ट किया जाएगा। जहां से वह अपने गंतव्य को जा सकेंगे। सिटी बसें व रोडवेज की इलेक्ट्रिक बसें गांधी आश्रम हंस चौपला, सर्किट हाउस, कमिश्नर आवास चौराहे से बाउंड्री रोड होकर जीरो माइल चौराहे तक आएंगी और इसी मार्ग से वापस जाएंगी।
 

164 ईदगाह और 515 मस्जिदों में होगी नमाज
जनपद में 164 ईदगाह व 515 मस्जिद हैं, जहां पर ईद की नमाज अदा हाेगी। शासन का आदेश है कि ईद की नमाज सड़क पर अदा नहीं होगी। इसकी तैयारी में पुलिस जुट गई है। बीते वर्ष मस्जिदों के बाहर नमाज अदा कर सड़क पर यातायात बाधित करने के मामले दर्ज हुए थे। इस बार भी पुलिस ने ईद की नमाज सड़क पर अदा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। डीआईजी कलानिधि नैथानी ने बताया कि ईद उल फितर को लेकर सुरक्षा के कड़े निर्देश दिए गए हैं। स्पष्ट आदेश हैं कि सड़कों पर नमाज अदा नहीं होगी। परंपरा से हट कर कोई भी आयोजन नहीं होगा।
 

सड़क पर नमाज पढ़ने वालों के होंगे पासपोर्ट निरस्त
ईद-उल-फितर की नमाज सड़क पर अदा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज तो होगी ही, साथ ही उनका पासपोर्ट निरस्तीकरण की रिपोर्ट भी पासपोर्ट कार्यालय भेजी जाएगी। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने धर्म गुरुओं के साथ भी बैठक कर हिदायत दी है। ईदगाह के अलावा आसपास की मस्जिदों में ईद की नमाज पढ़ी जाए। एडीजी ध्रुवकांत ठाकुर की ओर से जोन के सभी जिलों की पुलिस को इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिया गया है।
 

शहर काजी ने की अपील
रूइयत हिलाल कमेटी की मीटिंग ऊंची मस्जिद में हुई, जिसमें काजी जैनुस सालिकीन सिद्दीकी ने कहा कि सड़क पर कोई नमाज न पढ़े। ईदगाह और मस्जिदों में नमाज़ पढ़ें। नायब शहर काजी जैनुर राशिद्दीन सिद्दीकी ने भी लोगों से यही अपील की है।
 
विज्ञापन

देर रात तक बाजारों में हुई खरीदारी
रविवार शाम चांद का दीदार होते ही रमजान माह पूरा हो गया। बाजारों में देर रात तक खरीदारी होती रही। शहर के प्रमुख बाजार कोटला, सदर दाल मंडी, शहर मंडी सहित विभिन्न खाद्यान्न की दुकानों से सूखे मेवों आदि की खरीदारी हुई। लालकुर्ती, सदर बाजार, आबूलेन, बेगमपुल सहित सेंट्रल मार्केट में कपड़ों की खरीदारी की। सदर और घंटाघर मीना बाजार में चूड़ियां और सौंदर्य प्रसाधन के सामान की खरीदारी की गई। सुभाष बाजार और वैली बाजार से कुर्ता पाजामा, डिजाइनर टोपी और चप्पल आदि खरीदे गए।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें