मेरठ से गुजर रहे दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 को छह लेन बनाने का रास्ता साफ हो गया है। इसे छह लेन बनाने के लिए डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बनाई जा रही है। यह जानकारी केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने सांसद अरुण गोविल को पत्र लिखकर दी है। इसके साथ ही एनएच-58 पर घाट रोड व भोला रोड पर ओवरब्रिज को भी केंद्रीय मंत्री ने मंजूरी दे दी।
एनएच-58 पर यातायात के बढ़ते दबाव को देखते हुए मेरठ के तत्कालीन सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से एलिवेटिड रोड बनाने, घाट रोड व भोला रोड पर ओवरब्रिज बनाने की मांग की थी। केंद्रीय मंत्री के निर्देश पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने एनएच-58 पर एलिवेडिट रोड बनाने या इसे छह लेन विस्तार करने का संभावनाओं को टटोलना शुरू कर दिया है।
अरुण गोविल के मीडिया प्रभारी अमित शर्मा ने बताया कि सांसद ने भी केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलकर एनएच-58 को छह लेन बनाने और भोला रोड व घाट रोड पर ओवरब्रिज बनाने की मांग की थी। अब केंद्रीय मंत्री ने सांसद को पत्र लिखकर बताया है कि एनएच-58 को छह लेन के निर्माण के लिए डीपीआर का कार्य प्रगति पर है। इसके साथ ही भाजपा सांसद के प्रस्ताव पर भोला रोड व घाट रोड पर ओवरब्रिज निर्माण की सीधी स्वीकृति प्रदान कर दी है। सांसद ने कहा कि यह निर्णय लोगों के लिए सुगम यातायात व सुरक्षा के दृष्टिकोण से एक महत्वपूर्ण साबित होगा।