दोहरीघाट थाना क्षेत्र के चकेश्वर गांव में बृहस्पतिवार की देर शाम करीब सात बजे बाइक सवार बदमाशों ने ऋषि प्रताप (18) को गोली मार दी। गोली युवक के हाथ में लगी। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने भाग रहे दो बदमाशों को पकड़कर पुलिस को सुपुर्द कर दिया।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है। चकेश्वर निवासी ऋषि प्रताप पुत्र राम प्यारे घर के बाहर बैठा था। इसी दौरान बाइक सवार चार अज्ञात बदमाश पहुंचे और उस पर फायरिंग कर दी।
गोली युवक की बांह में लगते हुए कमर तक पहुंच गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पीछा कर दो आरोपियों को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
सीओ घोसी जितेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना के पीछे की वजहों का पता लगाया जा रहा है। पूछताछ के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।