मऊ जिले में घर में बिना बताए रिश्तेदार के यहां जा रहे दो दोस्त हादसे का शिकार हो गए। स्कूटी सवार दोनों किशोर ट्रैक्टर से भिड़ गए। जिससे एक की मौत हुई, जबकि दूसरे का हाथ टूट गया।
मऊ जिले के दक्षिण टोला थाना क्षेत्र निवासी दो युवक घर से बिना बताए एक दोस्त की स्कूटी लेकर जा रहे थे, कि अचानक हादसे का शिकार हो गए। जिसमें एक की मौत हो गई, जबकि दूसरे का हाथ टूट गया। घटना मुहम्मदाबाद गोहना के तवक्कलपुर के पास बुधवार की देर हुई। अनियंत्रित स्कूटी ट्रैक्टर से टकरा गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस द्वारा जिला अस्पताल लाया गया। घटना की जानकारी के बाद दोनों युवकों के परिजन भी जिला अस्पताल पहुंचे। परिजनों द्वारा पोस्टमार्टम न कराने की सहमति पर पुलिस ने पंचनामा कर शव परिजन को सौंप दिया।
विज्ञापन
यह है मामला
जानकारी के मुताबिक दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के डोमनपुरा निवासी अब्दुल्ला अजीज (16) और भदेसर निवासी सउद (15) पुत्र नसीम अहमद अपने दोस्त की स्कूटी लेकर बिना घर पर बताए मोहम्मदाबाद गोहना में बकरीद त्योहार पर रिश्तेदार के यहां जा रहे थे। देर रात करीब 10:30 बजे अभी दोनों रानीपुर थाना क्षेत्र के खुरहट बाजार के पास पहुंचे थे कि अचानक स्कूटी अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर से भिड़ गई।
हादसे में स्कूटी चला रहे अब्दुल्ला अजीज के सिर में चोट लगने से खून बहने लगा। वहीं पीछे बैठे सउद ने घटना की जानकारी परिवार के लोगों को दी। उधर, घटना की सूचना शहर निवासी शाहिद लारी को होने के बाद उन्होंने लोगों की मदद से एंबुलेंस द्वारा दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने जांच के बाद अब्दुल्ला अजीज को मृत घोषित कर दिया। जबकि सउद के हाथ में फैक्चर होने से प्राथमिक उपचार कर उसे घर भेज दिया। मृतक के परिजनों द्वारा पोस्टमार्टम नहीं करने की सहमति पर पुलिस ने पंचनामा कर शव परिजन को सौंप दिया। गुरुवार की सुबह मृतक के जनाजे की रस्म अदा की गई।