मुहम्मदाबाद गोहना। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के मऊ आजमगढ़ रेल ट्रैक पर बरहदपुर गांव के पास रविवार शाम सात बजे रेल इंजन की चपेट में आने से 40 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला की ट्रेन से कटने की सूचना पर पहुंची मुहम्मदाबाद गोहना पुलिस ने शव को कब्जा में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार बरहदपुर गांव निवासी कौशल्या (40) पत्नी कुशहल उर्फ कौशल प्रजापति रविवार की शाम गांव के बीच से गुजर रहे रेल ट्रैक के पार कर रही थी। इस बीच मऊ की तरफ से एक इंजन आजमगढ़ जा रहा था। ध्यान न देने से महिला इंजन की चपेट में आकर कट गई और उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। इस बीच सूचना पर महिला के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई। लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इस संबंध में मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह दुर्घटना प्रतीत हो रही है। इस संबंध में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।