मुहम्मदाबाद गोहना। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के भरपूरवा कोईरियापार गांव में बर्थ डे पार्टी में रविवार की रात एक युवक हर्ष फायरिंग करने लगा। सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंची, तो सभी फरार हो गए। जांच कर पुलिस ने रात में ही अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। सोमवार सुबह से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया। भरपूरवा कोइरियापार गांव निवासी विजयी उर्फ टुन्नू चौहान के घर रविवार की रात जन्मदिन की पार्टी थी। गाना बजाना चल रहा था कि इसी बीच युवक ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर हर्ष फायरिंग करने लगा। आसपास के लोगों ने भयभीत होकर पुलिस को सूचना दी। कुछ लोगों ने वीडियो बना लिया और पुलिस को भेजा। पुलिस पहुंची तो सभी वहां से फरार हो गए। वीडियो के आधार पर फायरिंग करने वाले युवक को चिन्हित कर पुलिस ने रविवार की देर रात मुकदमा दर्ज कर लिया। सोमवार की सुबह मुखबिर की सूचना पर कोतवाली के ढोलना चट्टी के पास से फायरिंग करने वाले दाऊदपुर गांव निवासी देव मंगल यादव पुत्र विदेशी यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक लाइसेंसी पिस्टल और पांच कारतूस बरामद किया। पूछताछ के बाद संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।