मऊ। अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय महासचिव अतुल कुमार अनजान ने कहा है कि देश में चल रहे किसान आंदोलन पर केंद्र सरकार के मंत्री बेबुनियाद दुष्प्रचार में लगे हैं। यह सरकार की भड़ास है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के बॉर्डर पर बैठे किसान आंदोलन में 32 ऐसे हैं जिनके पिता, भाई, दादा भारतीय फौज में सेवाएं देते हुए भारत सरकार के सर्वोच्च पदों से सम्मानित हैं। इनमें वीर चक्र , विशिष्ट सेवा पदक, शौर्य चक्र से मम्मानित किया जा चुका है। फिर ऐसे परिवारों को देश विरोधी बताना सेना के जवानों का अपमान करना है।
सरकार किसानों की वास्तविक समस्याओं को हल नहीं करना चाहती हैै। कहा है कि केंद्रीय कृषि मंत्री का यह कहना कि सरकार के प्रस्ताव का जवाब किसान संगठनों ने नहीं दिया है, सही नहीं है, वरन किसान संगठनों ने तीनों कानूनों के ऊपर अपना दृष्टिकोण दे दिया है। सरकार के मंत्री जब कह चुके हैं कि वह तीनों कानूनों को वापस नहीं लेंगे। किसान सभा के नेता ने आगे कहा कि आंदोलनकारी किसान ट्रेनों को नहीं रोकेंगे। किसान विरोधी तीनों कानूनों की वापसी सहित अपनी मांगों के समर्थन में अपने संगठनों के झंडों के साथ सभी राज्यों से दिल्ली की ओर कूच करेंगे।