मधुबन। स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने अपनी पत्नी और उसके परिजनों के खिलाफ मंगलवार को तहरीर दी। आरोप लगाया कि पत्नी को मोबाइल से बात करने से रोका तो शादी के चौथे दिन पत्नी ने अपने मायके वालों को बुला लिया। हजारों की नकदी के साथ लाखों का सामान बोलेरो पर लाद कर पत्नी मायके वालों के साथ चली गई। परिजनों ने मना किया तो दुल्हन और उसके मायके वाले अक्रामक हो गए। मारपीट पर उतारू हो गए। पुलिस को सूचना दी, पुलिस जब तक पहुंचती दुल्हन सामान लेकर जा चुकी थी। उधर शादी के चौथे दिन इस तरह के मामले को लेकर गांव के साथ पूरे मधुबन कस्बे में पूरे दिन चर्चा होती रही।
पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मधुबन के नंदौर गांव का रहने वाला है, बताया कि 20 फरवरी को उसकी शादी बलिया के भीमपुरा निवासी युवती से हुई थी। 21 फरवरी को दुल्हन आने के बाद 22 फरवरी को बहुभोज हुआ। शादी, बहुभोज कार्यक्रम में हुए खर्च और टेंट के बकाया को लेकर 24 फरवरी की सुबह जब पूरा परिवार हिसाब किताब कर रहा था। तभी उसकी पत्नी की मां, भाभी, मौसी के साथ चार महिलाएं बोलेरो से उसके घर पहुंची। वह इन सभी का आवभगत करता, जब तक छह बाइक पर दस से ज्यादा युवा आ धमके। यह सभी लोग अचानक घर में घुसे और पत्नी को अपने साथ बाहर ले आए। दहेज में दी गई बाइक के साथ 80 हजार की नकदी के साथ जेवरात और कीमती सामान को समेटते हुए बोलेरो में रखने लगे। जब उन्हें रोका तो लोग मारपीट पर उतारू हो गए। इस बीच 112 डायल को सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले उसकी पत्नी परिजनों के साथ निकल चुकी थी। पीड़ित ने बताया कि मामले में उसके द्वारा मधुबन पुलिस को तहरीर दी।
-
क्या इतना भी हक नहीं कि पूछ सकें किससे बात कर रही हो : युवक
मधुबन। युवक ने बताया कि उसकी पत्नी बीते 23 फरवरी की रात फोन पर किसी से बात कर रही थी। जब उसने पूछा कि इतनी रात में किससे बात कर रही हो तो बस इतनी बात पर पत्नी गुस्से में तमतमा उठी। मायके वालों को फोन कर न जाने क्या-क्या कहा। दूसरे दिन सुबह पूरी प्लानिंग के साथ मायके वाले आये। पत्नी को जबरदस्ती ले गए, साथ में सभी जेवर, दहेज की बाइक, नकदी एवं अन्य सामान भी ले गए।