मऊ। उद्घाटन के 24 दिन बाद 16 दिसंबर से हर शनिवार को मुंबई लोकमान्य तिलक साप्ताहिक एक्सप्रेस मऊ जंक्शन से चलेगी। ट्रेन का शेड्यूल तय नहीं हो पाने से संचालन शुरू करने में देरी हुई है। ट्रेन हर शनिवार की रात अपने निर्धारित समय 10:15 बजे मऊ जंक्शन से रवाना होगी और सोमवार की भोर में 3:45 बजे पहुंचेगी।
हर सोमवार की सुबह निर्धारित समय से 11:10 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस से रवाना होगी और मंगलवार की शाम 6:30 बजे मऊ जंक्शन पहुंचेगी। भारतीय रेलवे की वेबसाइट पर ट्रेन की समय सारिणी दर्ज कर दी गई है। इससे यात्री ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचने का समय देख सकते हैं। इस ट्रेन के संचालन से जनपदवासियों को काफी राहत मिलेगी।
22 नवंबर को केंद्रीय रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव ने वर्चुअल और यूपी के नगर के विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर नई ट्रेन का उद्घाटन किया था। उद्घाटन ट्रेन को केवल मऊ से आजमगढ़, जौनपुर के रास्ते प्रयागराज जंक्शन तक भेजा गया था। कोहरे के चलते मऊ से होकर मुंबई जाने वाली चार ट्रेनें निरस्त चल रही हैं। कुछ का रूट डायवर्ट कर दिया गया है। इसके चलते उन ट्रेनों में सफर करने वाले यात्री बची ट्रेनों से सफर कर रहे हैं। इसके चलते ट्रेनों में सामान्य, स्लीपर और एसी बोगियों में एक बराबर भीड़ रहती है। ऐसे में मऊ से चलने वाली ये ट्रेन लोगों को काफी राहत देने वाली है।
इनसेट
इन रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन
ट्रेन मऊ जंक्शन से रवाना होकर मुहम्मदाबाद, आजमगढ़, खोरासन रोड, शाहगंज, जौनपुर जंक्शन, मड़ियाहू, जंघई, फूलपुर, प्रयाग जंक्शन, प्रयागराज जंक्शन, इटारसी होते हुए लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी। फिर इन्हीं रास्तों से होकर वापस मऊ जंक्शन पहुंचेगी।