स्थानीय तहसील क्षेत्र में स्थित पेट्रोल पंपों का एसडीएम घोसी ने मंगलवार को निरीक्षण किया। वहां ग्राहकों को उपलब्ध मूलभूत सुविधाएं नहीं पाए जाने पर पंप संचालकों को फटकार लगाई। साथ ही पेट्रोल और डीजल की गुणवत्ता जांची। एसडीएम राजेश कुमार अग्रवाल मंगलवार की शाम पूर्ति निरीक्षक जय नारायण यादव हाजीपुर स्थित मंगलम पेट्रोल पंप, मझवारा मोड़ स्थित पेट्रोलियम पर पहुंचे, जहां सब कुछ सही पाया गया।
लाखीपुर स्थित कैप्टन फिलिंग स्टेशन पर शौचालय में गंदगी और पीने के पानी को लेकर एसडीएम ने पंप संचालक को फटकार लगाते हुए ग्राहकों को मिलने वाली सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। जिससे आने वाले ग्राहकों को किसी तरह की परेशानी न हो। कहा कि भविष्य में जांच के बाद किसी भी पेट्रोलपंप पर कमी पाई जाने पर संबंधित पंप संचालक के खिलाफ कार्रवाई होगी। इस दौरान इंडियन ऑयल के सेल्स ऑफिसर संदेश सिंह, संतोषानंद आर्य आदि लोग मौजूद थे।