मऊ। मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र के केरमा रेलवे क्रॉसिंग पर समपार कायम रखने की मांग को लेकर मंगलवार को भी धरना जारी रहा। इस बीच इलाहाबाद उच्च न्यायालय में समपार को लेकर दाखिल जनहित याचिका पर मंगलवार को होने वाली सुनवाई टल गई। सुनवाई की अगली तिथि 7 जनवरी निर्धारित हुई है। रेल समपार को लेकर धरना देने वाले ग्रामीणों ने धरना जारी रखने का निर्णय लिया है।
आजमगढ़-मऊ मुख्य मार्ग पर केरमा रेलवे क्रॉसिंग पर काफी सालों से समपार बना हुआ है। इस समपार को बंद करने के लिए रेल विभाग ने आदेश जारी किया है। इसके पहले कि रेल कर्मचारी इसे बंद करें ग्रामीणों द्वारा धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया गया है। इस बीच केरमा गांव के ओमप्रकाश ने उच्च न्यायालय की इलाहाबाद खंडपीठ में जनहित याचिका दाखिल कर उक्त समपार को कायम रखने की गुहार लगाई है। याचिका पर पर बीते मंगलवार 4 जनवरी को सुनवाई होनी थी लेकिन संबंधित कोर्ट में सुनवाई की अगली तिथि 7 जनवरी निर्धारित हुई है। धरना का नेतृत्व कर रहे केरमा गांव के प्रधान प्रतिनिधि दिनेश राय ने बताया कि हम माननीय उच्च न्यायालय के आदेश का पालन करेंगे। 7 जनवरी को अगली तिथि निर्धारित हुई है। अंतिम फैसला तक हम यहां अपना धरना जारी रखेंगे।