मऊ। उप्र पशु चिकित्सा संघ की प्रांतीय इकाई के आह्वान पर जिले के पशु चिकित्सा अधिकारियों ने शनिवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कार्य बहिष्कार किया। साथ ही नगर के मुुंशीपुरा स्थित राजकीय पशु चिकित्सालय परिसर में एकत्र होकर धरना दिया। साथ ही आंदोलन को तेज करने की रणनीति तय की।
इस मौके पर संगठन के महामंत्री डॉ. अवनीश कुमार ने कहा कि शासन से पशु चिकित्साधिकारियों को नान प्रेक्टिस अलाउंस तथा डायनमिक एसीपी सहित विभिन्न सुविधाएं नहीं मिल पा रही है। इमरजेंसी सेवा के लिए मिले वाहन को अन्यत्र संबद्ध कर दिया गया है।
कहा कि संगठन के माध्यम से शासन स्तर से वार्ता भी हो चुकी है, लेकिन मांगों को लटका दिया गया है। मांगों को पूरा न किए जाने की स्थिति में हम लोग आंदोलन तेज करने को बाध्य हो जाएंगे।
इसी क्रम में डॉ. चौधरी चरण सिंह ने कहा कि हम लोगों की मांग पर विचार नहीं किया गया तो हम लोग सोमवार को पूरे प्रदेश के पशु चिकित्सा अधिकारी पूर्ण कार्य बहिष्कार करते हुए लखनऊ में धरना प्रदर्शन करने को बाध्य हो जाएंगे। धरने में डॉ. अमित सिंह , डॉ. प्रदीप यादव, डॉ. दिग्विजय, डॉ. प्रयागदत्त, डॉ. वंदना, डॉ. विनोद, डॉ. कन्हैयालाल आदि समस्त पशु चिकित्सा अधिकारी शामिल रहे।