दोहरीघाट। कस्बे में प्रतिदिन लग रहे घंटों जाम से राहगीरों और कस्बेवासियों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। शनिवार की शाम से रविवार की शाम तक रुक-रुककर जाम लगता रहा। इस दौरान नेशनल हाईवे पर दोहरीघाट से कुसुम्हा तक पांच किलोमीटर और दोहरीघाट-आजमगढ़ मार्ग पर कस्बा से नई बाजार तक तीन किलोमीटर वाहनों की कतार लगी रही।
जाम का मुख्य कारण कस्बे की सड़क पर आड़े तिरछे खड़े ऑटो, ई-रिक्शा हैं। दूसरा कारण सरयू पुल के उस पार बन रही सड़क है। कस्बे के गुलाब चंद्रगुप्त, धर्मेंद्र कुमार राय, विपिन बिहारी दुबे आदि कस्बेवासियों ने बताया कि मुख्य सड़क पर जाम की स्थिति होने पर छोटे बड़े वाहन आगे निकलने की कोशिश करते हैं। इसके चलते सड़क पर वाहनों की चार लाइन लग जाती है और पूरी तरह ब्लॉक हो जाता है लेकिन वाहनों को निकालने के लिए यातायात पुलिसकर्मी नहीं दिखते हैं।
बताया कि सप्ताह में चार दिन कस्बे में जाम लगा रहता है। इससे स्कूली वाहन नहीं पहुंच पाते हैं। कहा कि यदि कस्बा के चौहान चौक, मुख्य चौक और रोडवेज बस स्टेशन के सामने यातायात पुलिसकर्मी तैनात होकर वाहनों को कतारबद्ध करवाते तो धीरे-धीरे वाहन निकल जाते और कस्बे को जाम से मुक्ति मिल जाती।