इंदारा। कोपागंज थाना क्षेत्र के इंदारा गांव के पास बृहस्पतिवार की देर रात बेकाबू अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार पूर्व प्रधान डा. रामकेश यादव (63) की मौके पर मौत पर हो गई जबकि घायल दूसरे व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। पूर्व प्रधान गांव के ही एक व्यक्ति के साथ एक वैवाहिक कार्यक्रम से लौट रहे थे।
कोपागंज थाना क्षेत्र के अदरी देहात (सिधौना) गांव के पूर्व प्रधान डॉ. रामकेश यादव (63) गांव के रमेश राजभर (50) के साथ बृहस्पतिवार की शाम मधुबन में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। वहां से दोनों बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान इंदारा गांव के चूरा मिल के पास मऊ से मधुबन की तरफ जा रहे बेकाबू अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दिया। इसके बाद अज्ञात वाहन का चालक गाड़ी लेकर भाग निकला। हादसे में गंभीर रूप घायल पूर्व प्रधान डा. रामकेश यादव की मौके पर मौत हो गई। बाइक रामकेश ही चला रहे थे। बाइक पर सवार रमेश राजभर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने घायल को जिला अस्पताल भेजवाया लेकिन गंभीर रूप से घायल होने के कारण रमेश राजभर ने इलाज के दौरान शुक्रवार को दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। दो लोगों की मौत से गांव में मातम मातम छा गया है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मृत पूर्व प्रधान के पुत्र राघवेंद्र यादव के तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन के चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर किया है।