मऊ। जिले में कोरोना की दूसरी लहर खतरनाक साबित हो रही है। संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इस माह में बीते 28 दिन में 2954 मरीज मिल चुके हैं जो बुधवार तक मिले 6002 मरीजों का 50 प्रतिशत है। वहीं बीते वर्ष 19 अप्रैल से 30 मार्च 2021 तक जिले में 3048 मरीज मिले थे।
जिले में कोरोना की दूसरी लहर से हालात बदतर हो चुके हैं। आक्सीजन, बेड न होने के कारण मरीज इलाज के लिए दर दर भटक रहे हैं लेकिन इस स्थिति के काफी हद तक लापरवाह लोग जिम्मेदार हैं। दूसरी लहर में बढ़ते संक्रमण के बाद बहुत से लोग गाइडलाइन का पालन नहीं कर रहे हैं। बीते 12 माह में जहां 3048 मरीज मिले थे, वहीं संक्रमण की दूसरी लहर में महज 28 दिन में 2954 मरीज मिल चुके हैं। इसकी पुष्टी स्वास्थ्य विभाग के आंकड़े खुद कर रहे है। आंकड़े पर गौर करें महज 28 दिन पहले 31 मार्च को जिले में 533 एंटीजन टेस्ट में एक संक्रमित मरीज मिला था। वहीं 1003 आरटीपीसीआर रिपोर्ट निगेटिव आई थी। 31 मार्च को जिले में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 3048 थी। कोरोना की दूसरी लहर में 6 अप्रैल तक कुल मरीजों की संख्या 3126 थी जो कि 10 अप्रैल को बढ़कर 3330 मरीज पहुंची। वहीं यह आंकड़ा 15 अप्रैल को 3789 तक पहुंच गई। वहीं 20 अप्रैल को मरीजों का आंकड़ा चार हजार पार करते हुए 4519 पहुंची। जबकि 25 को यह संख्या पांच हजार 386 तो 28 अप्रैल तक यह संख्या छह हजार पार करते हुए 6002 तक पहुंच गई।