जनता की सुविधा के लिए रविवार को छुट्टी के दिन बैंकों को खोला तो गया, लेकिन चेस्टों की दशा खराब होने के कारण बैंकों पर उमड़ी भीड़ में से कुछ की ही करेंसी बदली जा सकी। हालांकि रविवार को तीनों चेस्टों से पौने बारह करोड़ रुपये अाहरित हुआ। इसके बाद भी इलहाबाद बैंक का शटर डाउन हो गया। भारतीय स्टेट बैंक के प्रबंधक रंजीत कुुमार ने कहा कि यदि सोमवार की शाम तक करेंसी नहीं आई तो मंगलवार को शाखा बंद करनी पड़ेगी।
हजार और पांच सौ रुपये के नोटबंदी के बाद आरबीआई से बदलने के लिए मऊ जिले को अभी तक करेंसी नहीं जारी की गई। इसका परिणाम है कि रविवार को जिले में मौजूद एसबीआई, यूूबीआई और पंजाब नेशनल बैंक के चेस्ट लगभग खाली हो गए। इनके पास सौ और पचास की नोटे समाप्त हो चुकी है। हालांकि यूबीआई के प्रबंधक ने दावा किया कि रविवार की देर रात उनके चेस्ट को करेंसी उपलब्ध हो जाएगी।
पंजाब नेशनल बैंक के चेस्ट प्रबंधक शिवनाथ राम और एसबीआई के मुख्य प्रबंधक रंजीत कुुमार ने बताया कि अभी तक करेंसी आने की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। पंजाब नेशनल बैंक के बताया कि सोमवार की छुट्टी के बाद मंगलवार को वो मुख्य शाखा के संग दस और ब्रांचों को संचालित करने में सक्षम है।