पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ट्रकों के टकराने के बाद राहत कार्य में जुटे क्षेत्रीय ग्रामीण ।संवाद
- मुहम्मदाबाद गोहना के जमुई गांव के पास हुआ हादसा, मुरादाबाद का रहनेवाला है घायल ट्रक चालक
संवाद न्यूज एजेंसी
मऊ। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के जमुई गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह दो ट्रकों की टक्कर हो गई। टक्कर में चालक अरमान (45) की केबिन क्षतिग्रस्त हो गई। वह उसमें दबकर लहूलुहान हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने केबिन काटकर उसे बाहर निकाला और उसे अस्पताल भेजवाया।
आजमगढ़ से सीएनजी सिलिंडर से लदा ट्रक और मुरादाबाद के तलवारा गांव निवासी अरमान (45) आलू लदा ट्रक लेकर गाजीपुर की ओर जा रहे थे। सीएनजी ट्रक को सठियांव के सीएनजी केंद्र पर जाना था लेकिन कोहरे के चलते दिखाई नहीं देने से वो 15 किमी आगे आया। पता चलने पर सुबह करीब 8:30 बजे जमुई गांव के पास ट्रक बैक कर रहा था। कोहरे में दिखाई नहीं देने से पीछे से आ रहा आलू लदा ट्रक टकरा गया। दुर्घटना में ट्रक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में दबकर घायल हो गया। तेज आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के प्रभारी मधुसूदन चौरसिया ने बताया कि चालक को एंबुलेंस से आजमगढ़ के जिला अस्पताल भेजा गया। दुर्घटना के चलते एक घंटे तक तक यातायात प्रभावित रहा, इसे बाद में सामान्य करा दिया गया।