धर्म के प्रति आस्था और परिवार की तरफ से दिए गए संस्कार साथ हो तो उम्र मायने नहीं रखती। ऐसा ही कुछ मऊ जिले के मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के खलिसा गांव की अद्विका और अविष्का ने कर दिखाया। दोनों बच्चियों ने राम मंदिर निर्माण धर्म निधि समर्पण के मद में चंदा लेेने पहुंची टीम को अपना गुल्लक तोड़कर 2330 रुपये दिए।
मंगलवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विस्तार प्रभारी विकास कुमार के साथ टीम खलिसा गांव निवासी आशीष कुमार राय के घर पहुंची। दोनों बच्चियों ने अपना-अपना गुल्लक लाकर पिता को मंदिर निर्माण के लिए दान करने के लिए दिया।
दोनों बच्चियों ने बोला कि हम लोगों ने पैसा इकट्ठा किया है, उसे मंदिर के लिए दे दीजिए। बच्चियों की मासूमियत और बातों को सुनकर वहां मौजूद लोग हैरान हो गए। इस दौरान गुल्लक तोड़ा गया तो दोनों गुल्लक से 2330 रुपया निकला। जिसे बेटियों की मर्जी से परिजनों ने समर्पण निधि टीम को दे दिया।