दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के हकीकतपुर मुहल्ला निवासी मन्नू राम की शिकायत व कोर्ट के आदेश पर धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने शुक्रवार की शाम महेंद्र चौहान, जयमंगल यादव, चंद्रदेव राम के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।
आरोप है कि उनके दो बेटों की सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर तीनों ने 10 लाख रुपये हड़प लिए। मांगने पर मारपीट भी की। प्राथमिकी के अनुसार, मन्नू राम गुमटी में साइकिल का पंचर बनाकर परिवार का जीवन यापन करते हैं।
वर्ष 2020 में हकीकतपुरा में स्थित उनके नाम से दर्ज 16 बिस्वा जमीन फोरलेन के लिए अधिग्रहित कर ली गई। मुआवजे की धनराशि मिलने की जानकारी होने पर रानीपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर निवासी महेंद्र चौहान, मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के भवराजपुर निवासी जयमंगल यादव और सरायलखंसी थाना क्षेत्र के बरलाई निवासी चंद्रदेव राम दिनभर उनके घर के चक्कर लगाने लगे।
आरोप है कि महेंद्र चौहान ने कहा कि उसकी उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री से अच्छी जान-पहचान है, उनसे कहकर दोनों बेटों की नौकरी लगवा दी जाएगी। इसके लिए सभी ने 10 लाख रुपये की मांग की। उनके झांसे में आकर 16 जनवरी 2021 को 2.50 लाख रुपये, 21 जनवरी 2021 को 2.50 लाख रुपये और 14 जनवरी 2022 को 1.10 लाख रुपये उनके खाते में भेज दिए गए।
आरोप है कि नियुक्तिपत्र देने पर 3.90 लाख रुपये और देने की बात तय हुई। इसके बाद आरोपियों ने जालसाजी कर जनवरी 2022 में नियुक्तिपत्र तैयार कर दे दिया और शेष पैसा ले लिया।
एक बेटे का नियुक्तिपत्र परदहा ब्लॉक के राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना विभाग में समीक्षा अधिकारी तथा दूसरे बेटे राहुल कुमार को सदर तहसील में समीक्षा अधिकारी के पद के लिए दिया गया था। पत्र लेकर दोनों जगह जाने पर धोखाधड़ी की जानकारी हुई।
बात करने पर आरोपियों ने नौकरी न लगने पर पूरा पैसा लौटाने की बात कही। पैसा नहीं लौटाने पर 30 जून 2025 को सुबह 11 बजे वे महेंद्र चौहान के घर गए, जहां पहले से जयमंगल और चंद्रदेव मौजूद थे।
उनके परिजनों ने जल्द पैसा लौटाने का आश्वासन दिया। 15 जुलाई 2025 को सुबह 11 बजे प्रेमनगर चकिया में तीनों किसी से बातचीत कर रहे थे। वहां पहुंचकर पैसा मांगने पर तीनों ने मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। थानाध्यक्ष बसंतलाल ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना की जा रही है।