संवाद न्यूज एजेंसी
घोसी। घोसी कोतवाली क्षेत्र के खानपुर खुर्द गांव के पास मंगलवार सुबह ट्रक ने सामने से आ रही बाइक में टक्कर मार दी। हेलमेट नहीं पहनने के कारण बाइक चालक की मौत हो गई, जबकि महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक की पहचान बसपा नेता के रूप में हुई है, वह घटना के समय अपनी पत्नी को मायके छोड़ने जा रहा था।
घोसी के इब्राहिनाबाद निवासी लालमोहन (46) बसपा से जुड़े थे। पार्टी के कार्यकर्ता थे। लालमोहन पत्नी गीता देवी को मायके बलिया के बरौली में छोड़ने के लिए सोमवार देर शाम आठ बजे घर से निकले थे।
अभी घर से सात किमी दूर वह घोसी कोतवाली क्षेत्र के मझवारा/घोसी मार्ग स्थित खानपुर खुर्द गांव के पास पहुंचे ही थे कि मझवारा से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में लालमोहन और पत्नी गीता हादसे में घायल हो गए। हेलमेट न पहने होने से लालमोहन के सिर में गंभीर चोट लगने से उसे पुलिस ने पीजीआई आजमगढ़ लाकर भर्ती कराया, जहा देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि घायल पत्नी का उपचार जिला मुख्यालय स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
इधर इस घटना को लेकर लालमोहन के बेटे प्रियांशु और बेटी खुशबू का रो रोकर हाल बेहाल है। हादसे के संबंध में घोसी कोतवाल मनोज सिंह का कहना है कि हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया है। पुलिस वाहन को जब्त कर कोतवाली ले आई है, तहरीर मिलने पर पुलिस अग्रिम कार्रवाई करेगी।