कोपागंज। स्थानीय क्षेत्र के सहरोज गांव में रविवार की देर रात बेकाबू ट्रक ने साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में मजदूरी कर लौट रहे मजदूर मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। उधर हादसे के बाद आरोपी चालक ने घोसी में ट्रक छोड़कर भाग गया।
मृतक की पहचान ग्राम सभा शहरोज निवासी सत्येंद्र भारती (44) के रूप में हुई है। वह मजदूरी कर रात करीब 9:30 बजे अपने घर लौट रहा था, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सत्येंद्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही कोपागंज पुलिस ने पहुंचकर जांच किया। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है। सत्येंद्र भारती एक गरीब परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य था। कोपागंज थाना प्रभारी रवीन्द्रनाथ राय ने बताया कि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घोसी क्षेत्र से ट्रक को बरामद कर लिया है। पुलिस चालक की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।