घोसी कोतवाली क्षेत्र के अमिला के पास दो माह पूर्व हुए ट्रेवल एजेंट हत्याकांड का खुलासा पुलिस ने बृहस्पतिवार को कर दिया। पुलिस लाइन सभागार में अपर पुलिस अधीक्षक त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने बताया कि पिउवाताल से हत्यारोपी 25 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। जबकि एक बदमाश पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पकड़ा गया बदमाश लालू यादव उर्फ गोलू यादव आजमगढ़ जनपद के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के कपारगढ़ का निवासी है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 25 जून 2021 को घोसी कोतवाली क्षेत्र के अमिला के नवकापुरा के पास ट्रेवल एजेंट पिंटू राजभर की उसके आफिस में घुसकर बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस अधीक्षक सुशील घुले ने घटना के खुलासे के लिए सर्विलांस, स्वाट टीम और घोसी कोतवाली पुलिस की टीम गठित की थी। बृहस्पतिवार को पिउवा ताल मोड़ के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक बाइक पर आ रहे युवकों को रोका। पुलिस को देखकर बाइक सवार युवक भागने लगे। पुलिस ने दौड़ाकर एक को पकड़ लिया जबकि एक भाग गया। पकड़े गए बदमाश के पास से पुलिस ने एक पिस्टल, तीन कारतूस और पांच हजार आठ सौ पचास रुपये बरामद किया। उसके पास से मिली बाइक भी चोरी की मिली। इस बाइक का प्रयोग कुछ दिन पूर्व हुई सराफा व्यवसायी से हुई लूट में भी प्रयुक्त किया गया था।
एएसपी ने बताया कि पूछताछ में बदमाश लालू यादव ने बताया कि 25 जून को उसने अपने साथी घोसी के हमीरपुर रसूलपुर निवासी रविंद्र यादव उर्फ मास्टर और आजमगढ़ के जीयनपुर थाना क्षेत्र के नथनपुरा निवासी आशीष ओझा के साथ मिलकर अमिला स्थित आफिस में घुसकर ट्रेवल एजेंट पिंटू राजभर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। उसने बताया कि आशुतोष ओझा ने अपने भाई को विदेश भेजने के नाम पर 85 हजार रुपये पिंटू राजभर को दिए थे, लेकिन पिंटू ने आशुतोष के भाई को विदेश नहीं भेजा और रुपये भी वापस नहीं किए। 25 जून को वह तीनों उसके पास रुपये मांगने अमिला के नौकापुरा स्थित उसके कौशल विकास केंद्र पर गए लेकिन पिंटू ने रुपये देने से मना कर दिया। जिसके बाद लालू ने पिस्टल से और उसके साथी रविंद्र यादव ने तमंचे से फायर कर पिंटू राजभर की हत्या कर दी। तीनों इसी मोटर साइकिल से फरार हो गए। घटना के कुछ दिन बाद रविंद्र यादव ने न्यायालय में सरेंडर कर दिया और आशुतोष ओझा बाहर भाग गया। बदमाश की गिरफ्तारी में स्वाट प्रभारी राजेश प्रसाद यादव, एसओजी प्रभारी अमित मिश्रा तथा प्रभारी निरीक्षक घोसी संजीव कुमार दूबे आदि शामिल रहे।
सराफा व्यवसायी से की थी लूट
एएसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान लालू ने बताया कि 14 जून को उसने विष्णु चौरसिया, श्यामकरन यादव, सुधीर यादव और रविंद्र यादव के साथ मिलकर उसने चंद्रापार के सराफा व्यवसायी अमित कुमार वर्मा को भातकोल बाजार से स्कार्पियो से अपहरण कर उसकी डिग्गी में रखे 54 हजार रुपए लूट लिए थे। साथ ही उसकी दुकान की चाभी लेकर दुकान में रखा जेवरात भी लूट लिया था। लूट के दौरान सुधीर और विष्णु की फोटो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी थी जिसके आधार पर वह लोग पकड़े गए।