मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र के इब्राहिमाबाद स्थित नेशनल हाईवे-29 पर गुरुवार दोपहर साढ़े तीन बजे बेकाबू रोडवेज बस ने बाइक समेत कई लोगों को रौंद दिया। जिससे साइकिल सवार 10 वर्षीय बच्चे और बाइक से जा रहे 55 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को स्थानीय अस्पताल भिजवाया, जबकि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, दोहरीघाट डिपो की सवारियों से भरी बस अचानक इब्राहिमाबाद नेशनल हाईवे के पास बेकाबू हो गई। बस ने सबसे पहले बाइक से जा रहे रामपुर धनौली निवासी अनूप विश्वकर्मा और वैभव की बाइकों में टक्कर मारी। जिससे दोनों घायल होकर सड़क पर गिर गए। इसके बाद बस ने इब्राहिमाबाद निवासी मुलायम की बाइक में भी टक्कर मार दी।