वलीदपुर। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के नगदोपुर गांव में सोमवार रात अराजक तत्वों ने भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर दी।
मंगलवार सुबह जानकारी होने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। वहीं प्रतिमा के क्षतिग्रस्त होने की सूचना पर मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाल मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को इस कृत्य को अंजाम देने वाले मनबढ़ों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ नई प्रतिमा लगवाकर मामला शांत कराया। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली थाना क्षेत्र के नगदोपुर गांव के बाहर एक ऊंचे स्थान पर भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा लगी है। मंगलवार सुबह छह बजे ग्रामीणों ने देखा कि प्रतिमा मुंह के बगल गिरी हुई है। इसका एक हाथ एक पैर टूटा हुआ है।
उधर थोड़ी ही देर में प्रतिमा खंडित होने की खबर पूरे गांव में फैल गई। खबर सुनकर बसपा के जिलाध्यक्ष सिंटू कुमार, मुहम्मदाबाद गोहना विधानसभा के बसपा के पूर्व प्रत्याशी डॉ धर्म सिंह गौतम, विधानसभा अध्यक्ष लालचंद राम, चंदन कुमार राणा साहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। इसबीच किसी ने सूचना कोतवाली पुलिस को दी। इस मामले में कोतवाल ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ ग्रामीणों ने तहरीर दी। शाम को प्रतिमा लगा दी गई।