मऊ। जिले में बुधवार को आयोजित यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा की दोनों पालियों में 177 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। सुबह की पहली पाली में 46 जबकि शाम में 131 अनुपस्थित रहे। दोनों पालियों में 2039 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। इस दौरान किसी भी केंद्रों पर गड़बड़ी नहीं मिली।
पहली पाली की परीक्षा सुबह 8.30 बजे से 11.45 बजे तक हाईस्कूल मानव विज्ञान और इंटरमीडिएट उर्दू विषय की परीक्षा हुई। पहली पाली में हाईस्कूल मानव विज्ञान विषय की परीक्षा में केवल तीन ही परीक्षार्थी पंजीकृत थे। जो सभी उपस्थित रहें।
वहीं इंटरमीडिएट उर्दू विषय में 202 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें 156 उपस्थित हुए, जबकि 46 ने परीक्षा छोड़ दी। सभी परीक्षा केन्द्रों पर प्रथम पाली के दौरान जोनल, सेक्टर और सचल दस्ता भ्रमण करके जायजा लेते रहे। वहीं दूसरी पाली की परीक्षा अपरान्ह 2 बजे से 5.15 बजे तक चली।
दूसरी पाली में इंटरमीडिएट इतिहास की परीक्षा के दौरान 2011 पंजीकृत थे। 1880 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 131 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान व्यापक सख्ती अपनाई गई। मुख्य द्वार पर विधिवत चेकिंग के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया। परीक्षा कक्ष के अंदर भी परीक्षार्थियों को किसी तरह की ढील नहीं दी गई। इस दौरान केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक के अलावा अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक और स्ट्रेटिक मजिस्ट्रेट जमे रहे।