रानीपुर। थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव के ब्लाक गेट के समीप चोरों ने शुक्रवार की रात दो मकानों और एक दुकान को निशाना बनाते हुए डेढ़ लाख के गहने और 31 हजार रुपये चोरी कर लिए। पीड़ितों ने इस बाबत जानकारी देने के बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
जानकारी के अनुसार सुल्तानीपुर मिर्जाहादीपुरा मार्ग पर स्थित ब्लाक गेट के पास ही कुछ दूरी पर देवनाथ सिंह पुत्र स्व. बनारसी सिंह का मकान है। शुकवार को वह जिला मुख्यालय गए हुए थे। उनकी पत्नी उर्मिला भी मकान में ताला बंद कर गांव में ही अपने रिश्तेदार के यहां सोने चली गईं। इसी दौरान रात को चोरों ने घर के कमरे का ताला तोडकर आलमारी में रखे सोने का लाकेट ,मंगलसूत्र ,सिकड़ी,अंगूठियां और एक जोड़ा चांदी की पायल और 21000 रुपया तथा एटीएम कार्ड चुरा ले गए। रविवार सुबह जब उर्मिला घर आईं तो दरवाजे का ताला टूटा देखकर दंग रह गई। अंदर जाकर देखा तो कमरे में सारा सामान बिखरा पड़ा था और दो सूटकेस, एक बैग खाली करके घर से दो सौ मीटर की दूरी पर फेंक दिया था।
उधर इस मकान के पास ही सुरेश गुप्ता की किराने की दुकान है। रात में वह दुकान बंद कर गांव में आयोजित होने वाले एक कार्यक्रम में चला गया। भोर में आकर देखा तो दुकान का शटर तोड़कर ऊपर उठाया हुआ था। अंदर जाकर देखा तो दुकान में रखे छह हजार रुपयों सहित कैश बॉक्स गायब था। चोर लगभग दो हजार रुपयों के सूखे मेवे भी चुरा ले गए। दुकान से कुछ दूरी पर एक मकान में रानीपुर स्वास्थ केंद्र पर 108 एम्बुलेंस पर तैनात ईएमटी सुनील यादव किराये का मकान लेकर रहता है। रात में वह अपने परिवार के साथ एक कमरे में सो रहा था।चोर दीवार फांदकर घर के अंदर घुसे और एक कमरे में रखा बैग लेकर फरार हो गए। बैग में चार हजार नगद दो एटीएम कार्ड कागजात आदि लेकर फरार हो गए।घटना की जानकारी लोगों को सुबह हुई।घटना की जानकारी होने पर मौके पर पुलिस ने जांच पड़ताल किया।पीड़ितों के द्वारा थाने पर तहरीर दे दी गई है।पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है। इस बाबत एसओ अशोक यादव का कहना है कि तहरीर के मुताबिक मुकदमा दर्ज कर जांच की जाएगी।