शराब की दुकान में चोरी के बाद गिरफ्तार चोर
चोरी के मामले में जेल गए बेटे की जमानत के लिए मां ने कर्ज लिया। जमानत पर बाहर आने के बाद कर्ज चुकाने के लिए बेटे ने अपने भाई और उसके दोस्त के साथ मिलकर मंगलवार सुबह दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के दसई पोखरा स्थित देशी शराब की दुकान में चोरी कर ली।
सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने घटना के करीब पांच घंटे बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से चोरी के 20 हजार रुपये और तीन कारतूस बरामद हुए। थानाध्यक्ष बसंत लाल ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने रैनी बगीचे के पास से डोमनपुरा कसारी निवासी अमन गुप्ता उर्फ विपुल, उसके भाई आदर्श उर्फ कन्हैया गुप्ता और भाई के दोस्त जमालपुरा निवासी मोहम्मद रहीम को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, अमन गुप्ता उर्फ विपुल शातिर चोर है। कुछ दिन पहले दक्षिण टोला थाना क्षेत्र में चोरी के मामले में गिरफ्तार होकर जेल गया था और हाल ही में जमानत पर बाहर आया था। वह थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है। पूछताछ में अमन ने पुलिस को बताया कि उसकी जमानत कराने के लिए उसकी मां ने कई जगहों से कर्ज लिया था। इसी कर्ज को चुकाने के लिए उसने अपने भाई आदर्श और उसके दोस्त मोहम्मद रहीम के साथ चोरी की योजना बनाई।
मंगलवार सुबह तीनों घर से पैदल निकले और दसई पोखरा स्थित देशी शराब की दुकान में पीछे की तरफ से छत के रास्ते दाखिल हुए। इसके बाद कैश बॉक्स चोरी कर उसी रास्ते से बाहर निकल गए। थानाध्यक्ष ने बताया कि चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों के साथ शीतला माता मंदिर गेट के पास दुकानों और नजदीक स्थित पेट्रोल पंप के बाहर लगे कैमरों की फुटेज भी खंगाली। फुटेज के आधार पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। संवाद
शराब की दुकान में चोरी के बाद गिरफ्तार चोर
शराब की दुकान में चोरी के बाद गिरफ्तार चोर