कोपागंज। स्थानीय थाना क्षेत्र के काछीकला गांव के पास फोरलेन पर ट्रक की टक्कर से बाइक चालक युवक की मौत हो गई। घटना शुक्रवार की रात करीब 9.15 बजे की है। युवक के पास से ढेर सारा शादी का कार्ड मिला। कोपागंज थाना क्षेत्र के जयसिंहपुर गांव निवासी देवेंद्र राजभर (25) के बड़े भाई की शादी पड़ी है। देवेंद्र शुक्रवार की सुबह ही बाइक लेकर रिश्तेदारों के यहां कार्ड बांटने निकल गए थे।
कार्ड बांटकर काछिकला गांव से गोरखपुर वाराणसी फोरलेन पार कर रहे थे, तभी मऊ की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक ट्रक में फंसकर 20 मीटर तक घसीटते हुए गई। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर वहां से भाग गया। फोरलेन के किनारे टहल रहे लोगों ने देवेंद्र को ट्रक के नीचे से खींचकर बाहर निकाला और उठाकर किनारे किया। पुलिस सूचना देते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोपागंज के गए।
वहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके पास मिले पहचान पत्र से पुलिस ने पहचान किया और परिजनों को घटना की जानकारी दी। कोपागंज थाना प्रभारी निरीक्षक विजय प्रकाश मौर्य ने बताया कि ट्रक की चपेट आने से युवक की मौत हो गई है। ट्रक घटना स्थल पर ही खड़ा है। परिजन की तहरीर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।