मऊ। चिरैयाकोट नगर पंचायत के जमीन बुढ़ान आंगनबाड़ी केंद्र पर तैनात आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की सेवा समाप्त हो सकती है। पूर्व में कई बार निरीक्षण में दोषी पाए जाने पर वेतन रोक दिया गया था, साथ ही खाद्यान्न वितरण में अनियमितता पाए जाने पर 21,152 रुपये वसूली भी हो चुकी है। इसके बावजूद भी स्थिति में सुधार नहीं आने पर सेवा समाप्ती की चेतावनीपत्र जारी करते हुए 26 मई को जिलाधिकारी कार्यालय में उपस्थित होकर संतोषजनक साक्ष्य देने को कहा गया है। ऐसा नहीं करने पर उनकी सेवा समाप्त कर दी जाएगी।
जिला कार्यक्रम अधिकारी अजीत कुमार सिंह ने बताया कि चिरैयाकोट नगर पंचायत सदस्य सरफराज की शिकायत पर रानीपुर सीडीपीओ ने तीन बार जमीन बुढ़ान का निरीक्षण किया था। इसमें पाया गया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता केंद्र से 65 किमी दूर अपनी ससुराल दोहरीघाट ब्लॉक के नई बाजार में रहती हैं। माह में केवल दो या तीन दिन ही केंद्र खुलता है। जांच में 2024 में जुलाई, अगस्त और सितंबर माह में लभार्थियों को खाद्यान्न भी वितरित नहीं किया गया है। जिसपर 21,152 रुपये वसूली के साथ ही वेतन रोक दिया गया था। बीते चार अप्रैल को डीएम कार्यालय में उपस्थित होकर स्पष्टीकरण और साक्ष्य देने को कहा गया था, लेकिन वो नहीं पहुंचीं। 26 मई को स्पष्टीकरण और बचाव में साक्ष्य नहीं देने पर सेवा समाप्त कर दी जाएगी।