दोहरीघाट में बढ़ा सरयू नदी का जलस्तर।संवाद
सरयू नदी का जलस्तर पिछले 24 घंटे में 15 सेंटीमीटर बढ़ गया है। नदी खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है, जिससे नगर और तटवर्ती इलाकों में लोगों की चिंता बढ़ गई है।
गौरी शंकर घाट पर नदी का जलस्तर आज 68.95 मीटर दर्ज किया गया। यह कल के 68.80 मीटर से अधिक है। नदी खतरे के निशान 69.90 मीटर से मात्र 95 सेंटीमीटर नीचे बह रही है।
जलस्तर बढ़ने से प्रशासन और सिंचाई विभाग सतर्क हो गए हैं। बंधों पर निगरानी बढ़ा दी गई है और मुक्तिधाम से जानकी घाट तक कटानरोधी कार्य कराए जा रहे हैं।
मुक्तिधाम, भारत माता मंदिर, शाही मस्जिद सहित कई ऐतिहासिक स्थलों पर खतरा मंडराने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, धनौली और रामपुर जैसे तटवर्ती गांवों में पानी घुसने की आशंका से किसान चिंतित हैं।