मऊ / पिपरीडीह। भटनी-वाराणसी रेलमार्ग पर दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन से पहले रविवार की सुबह 7:15 बजे ट्रेन का इंजन खराब हो गया। सिंगल लाइन होने से दोनों तरफ सात ट्रेनें जहां-तहां रोक दी गई थीं। उमस भरी गर्मी में यात्री तीन घंटे तक मऊ रेलवे स्टेशन पर बैठकर अपनी ट्रेनों का इंतजार करते रहे। रोज सुबह आजमगढ़ से वाराणसी सिटी चलने वाली आजमगढ़ वाराणसी सिटी मेमू (65109) रविवार सुबह 6:35 बजे मऊ जंक्शन से वाराणसी सिटी के लिए रवाना हुई। लेकिन 19 किमी दूर दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन से एक किमी पहले सुबह 7:15 बजे ट्रेन का इंजन फेल हो गया। मऊ से दुल्लहपुर तक सिंगल लाइन होने से लगभग तीन घंटे तक ट्रेनों का आवागमन ठप रहा। वाराणसी से गोरखपुर, गोरखपुर और बलिया की तरफ से वाराणसी जाने वाली सुबह की आठ ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया। लोको पायलट की सूचना पर मऊ जंक्शन से इंजीनियरों की टीम करीब 9:30 बजे दूसरा इंजन लेकर मौके पर पहुंची। इंजन लगाकर ट्रेनों को प्लेटफॉर्म तक पहुंचाया गया। फिर दूसरा इंजन लगाने के बाद ट्रेन वाराणसी सिटी के लिए दुल्लहपुर से 10:17 बजे रवाना हुई। इस बीच मऊ से मुंबई लोकमान्य तिलक टर्मिनस जाने वाली समर स्पेशल (01124) दो घंटे तक पिपरीडीह रेलवे स्टेशन पर खड़ी थी। अगले स्टॉपेज औड़िहार जंक्शन पर सुबह 10:26 बजे पहुंची। छपरा से चलकर वाराणसी सिटी जाने वाली वाराणसी सिटी इंटरसिटी एक्सप्रेस (15111) दो घंटा देर से मऊ जंक्शन से रवाना हुई। गोरखपुर से मुंबई जाने वाली काशी एक्सप्रेस 1:30 घंटे लेट मऊ से रवाना हुई। भटनी से वाराणसी चलने वाली भटनी वाराणसी सिटी मेमू (65107) दो घंटे लेट मऊ से रवाना हुई। बनारस से चलने वाली गोरखपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस (15104) दो घंटा, आनंद विहार से सीतामढ़ी जाने वाली लिच्छवी एक्सप्रेस (14006) दो घंटा लेट मऊ जंक्शन पर पहुंची। वहीं बनारस से भटनी जाने वाली बनारस भटनी पैसेंजर (55138) 1:15 घंटे लेट मऊ पहुंची, ये ट्रेन जखनियां में 1:30 घंटे तक खड़ीं रही।
यात्रियों ने बताई परेशानी
कोपागंज निवासी अंजली चौरसिया और अभिनव चौरसिया ने बताया कि उन्हें सिवान जाना था। मऊ-छपरा पैसेंजर से यात्रा के लिए वो सुबह 5:30 बजे ही मऊ जंक्शन पर पहुंच गए थे। पहुंचने पर पता चला कि ट्रेन 10 बजे जाएगी। विकल्प के तौर पर लिच्छवी एक्सप्रेस थी, लेकिन रूट बाधित होने से वो भी सुबह 10 बजे मऊ पहुंची। वहीं रुबीना खातून, मोहम्मद सलीम, राजन कुमार ने बताया कि उन्हें वाराणसी जाना है। लेकिन दुल्लहपुर से पहले ट्रेन का इंजन फेल होने से सभी ट्रेनों के लेट पहुंचने की सूचना मिल रही है।