हर सुख सुविधाओं से लैस रहने वाला पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. कल्पनाथ राय का गांव आज सड़क, बिजली , पानी के लिए तरस रहा है। शहीद मार्ग वर्षों से अपनी बदहाल पर आंसू बहा रहा है। सड़क पर बने गड्ढे में दो लोगों के गिरकर घायल हो जाने पर शुक्रवार को ग्रामीणों ने सेमरीजमालपुर गांव के समीप सड़क जाम कर दिया। एक घंटे से अधिक चला जाम कोतवाल के आश्वासन पर समाप्त हुआ।
शुक्रवार की दोपहर शहीद मार्ग पर सेमरी जमालपुर गांव स्थित चट्टी पर हनुमान मंदिर के पास मार्ग पर बने जानलेवा गड्ढे में दो लोगों के गिर जाने से लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। हालां कि गिरे लोगों को ज्यादा चोटें नहीं आई लेकिन आए दिन किसी ना किसी के गिरने एवं घायल होने पर एवं सड़की बदहाली को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
ग्रामीणों ने शुक्रवार को दोपहर 2 बजे अदरी-मधुबन शहीद मार्ग जाम कर दिया। इस दौरान ग्रामीण प्रदर्शन कर नारेबाजी करने लगे। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे घोसी कोतवाल विश्वजीत सिंह, पीडब्लूडी के सहायक अभियंता अंजनी कुमार मिश्र ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर किसी प्रकार मामला शांत कराया। सहायक अभियन्ता ने अधिशासी अभियंता पवन कुमार सिंह ने समस्या का तीन दिन के अंदर समाधान करने व् रोड की मरम्मत कराने का आश्वासन दिया तब जाकर जाम समाप्त हुआ।
ग्रामीणों ने रोड के बगल में जलनिकासी हेतु नाला व् पुलिया निर्माण की माँग की जिस पर जेई अंजनी मिश्र ने उक्त माँग को पूरा करने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन करने वालोँ में संतोष राय, पंकज राय, डिम्पू राय, घूरा, रमाशंकर, अनूप, अतुल, अमरनाथ, सुधीर, झारखंडी, शैलेश, विनोद शामिल रहे।