रतनपुरा। जिले में सरकारी अस्पतालों में रात के समय इलाज न मिलना निजी अस्पतालों के लिए मुफीद साबित हो रहा हैं। दरअसल रात में गंभीर हालत में मरीज को लेकर परिजन जब सरकारी अस्पताल पहुंच रहे हैं तो वहां तैनात डॉक्टर, फार्मेसिस्ट अमूमन ड्यूटी से गायब ही मिलते हैं।
शनिवार की देर शाम रतनपुरा सीएससी में भी ऐसा ही मामला सामने आया। ब्लाक के पीपरसाथ गांव निवासी पंकज सिंह की तबीयत खराब होने पर रात नौ बजे उनके गांव के ही अभिनव पांडेय और राजू गुप्ता उन्हें लेकर रतनपुरा सीएससी पर पहुंचे थे। यहां करीब 20 मिनट तक डॉक्टर और फार्मासिस्ट को खोजने के बाद भी उनका कुछ पता नहीं चला। तीमरदार अभिनव ने बताया कि काफी देर खोजबीन करने के बाद ड्यूटी पर तैनात डॉ. भैरव कुमार पांडेय और फार्मासिस्ट पहुंचे और उनके मरीज का उपचार शुरू किया। लेकिन इस बीच इलाज न मिलने के चलते मरीज काफी देर तक करहता रहा। इस संबंध में रतनपुरा सीएससी के प्रभारी डॉ. हंसराज सोनी ने इस लापरवाही को लेकर जानकारी लेने की बात कही। वहीं प्रभारी सीएमओ एसपी अग्रवाल ने बताया कि इस संबंध में जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।