कुसुम्हा। दोहरीघाट कस्बा में सरयू नदी से गोठा बाईपास तक पुराने स्टेट हाईवे का नवीनीकरण होगा। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा की पहल पर 5.71 करोड़ रुपये खर्च करने की मंजूरी मिल चुकी है। बारिश में गिट्टियां उखड़कर राहगीरों के लिए खतरा बन जाती हैं।
पुराने स्टेट हाईवे का नवीनीकरण होने से न सिर्फ स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी बल मिलेगा। इस सड़क की लंबाई 4 किलोमीटर है। इस सड़क के नवीनीकरण से आसपास के 30 से अधिक गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। स्कूल जाने वाले बच्चों, किसानों, व्यापार करने वाले लोगों में खुशी है। सड़क को नए सिरे से बनाने से न केवल आवाजाही सुगम होगी, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी। क्षेत्र के जयप्रकाश राय, हरिराम विश्वकर्मा, भरत राय, धवल चौहान, श्यामदत्त, अरुण पांडेय आदि लोगों ने कैबिनेट मंत्री की पहल को सराहा है।
बताया कि गोठा बाजार में हमेशा ट्रकों और ट्रेलर से सामान गिरते हैं। सड़क कमजोर होने से हर साल बरसात समय ओवरलोड गाड़ियों के चलने से गिट्टियां उखड़ जाती हैं। मंत्री एके शर्मा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि सड़क की खराब स्थिति और क्षेत्रीय लोगों की मांग पर एनएचएआई के चेयरमैन से सड़क के नवीनीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए अनुरोध किया था। अब 5.71 करोड़ रुपये की मंजूरी मिल गई है। दो से तीन माह में काम शुरू हो जाएगा।
फोरलेन के लिए नहीं मिली मंजूरी
मऊ के औद्योगिक क्षेत्र ताजोपुर से कोपागंज के भदसा मानोपुर तक 17.6 किमी पुराने स्टेट हाईवे को फोरलेन बनाने की योजना सफल नहीं हो पा रही है। प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग ने तीन बार शासन को प्रस्ताव भेजा, लेकिन वहां बैठे अधिकारियों को इसकी उपयोगिता नहीं दिख रही है। स्थिति ये है कि रोजाना ताजोपुर से भीटी पुल तक जाम लगता है। सबसे अधिक समस्या शहर के अंदर गाजीपुर तिराहा, फातिमा तिराहा, भीटी चौराहे पर होती है।