मुहम्मदाबाद गोहना तहसील परिसर में गोंड जाति के प्रदर्शनकारियों से वार्ता करते डीएम- एसपी।संवाद
मुहम्मदाबाद गोहना/वसलीदपुर। मुहम्मदाबाद गोहना तहसील में चल रहे गोंड समाज के धरनास्थल पर रविवार को डीएम और एसपी समेत वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद 26 जनवरी तक के लिए आंदोलन टाल दिया गया।
रविवार को डीएम प्रवीण मिश्र और एसपी इलामारन जी ने धरना पर बैठे लोगों से बातचीत की। डीएम ने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर जाति प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा। डीएम ने बैठक यह स्पष्ट आश्वासन दिया कि देवरिया जैसा शासनादेश लागू करते हुए गोंड जाति के मामलों में निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई की जाएगी। तय किया कि आठ दिनों के भीतर सभी मामलों की जांच पूरी कर गोंड जाति के पात्र लोगों को जाति प्रमाणपत्र जारी किए जाएंगे। साथ ही यह भी निर्णय लिया कि जांच की प्रक्रिया लेखपाल करेंगे। इसमें संबंधित गांवों के निर्विवादित गोंड परिवारों से सत्यापन कर ही रिपोर्ट तैयार की जाएगी, ताकि किसी प्रकार का विवाद न हो। प्रशासन के लिखित और मौखिक आश्वासन के बाद गोंड समाज के छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों ने रविवार को धरना स्थगित करने की घोषणा की। हालांकि, समाज से यह भी स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय सीमा में आश्वासन के अनुरूप कार्रवाई नहीं होती है, तो वे फिर 27 जनवरी को तहसील परिसर में धरना प्रदर्शन शुरू करेंगे। गोंड समाज ने प्रशासन से यह भी अनुरोध किया है कि यदि आश्वासन का पालन नहीं होता है, तो उन्हें 27 जनवरी को शांतिपूर्ण धरना देने की अनुमति प्रदान की जाए। प्रशासनिक स्तर पर अब सभी की निगाहें आठ दिन की जांच प्रक्रिया और उसके परिणामों पर टिकी हुई हैं।